कटनी में ईद-उल-फितर पर हाजी अब्दुल कादिर का संदेश – “भाईचारा और सद्भाव ही असली त्योहार” कटनी। ईद-उल-फितर के पावन अवसर पर हाजी अब्दुल कादिर (मुन्ना भाई), जिला अध्यक्ष जिला वक्फ बोर्ड कमेटी कटनी (म.प्र.) ने समस्त जिलेवासियों को दिली मुबारकबाद दी। उन्होंने अपने संदेश में कहा कि ईद का त्योहार आपसी भाईचारे, प्रेम और सद्भाव का प्रतीक है, जो समाज को एकता के सूत्र में बांधता है। उन्होंने कहा कि जैसे भगवान श्रीराम ने रावण जैसे अहंकार और बुराइयों का अंत कर रामराज्य की स्थापना की, उसी तरह सभी धर्मों के त्योहार हमें बुराइयों को त्यागकर अच्छाई के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देते हैं। हाजी अब्दुल कादिर ने आगे कहा कि भारत जैसे विविधताओं से भरे देश में हर धर्म और समुदाय के त्योहार लोगों को जोड़ने और आपसी मतभेदों को खत्म करने का माध्यम बनते हैं। उन्होंने सभी से अपील की कि त्योहारों के मूल संदेश को समझते हुए प्रेम, सौहार्द और सहयोग की भावना को मजबूत करें, ताकि समाज में शांति, एकता और समरसता बनी रहे।