कटनी में जुए के फड़ों का फैलता जाल, कार्रवाई के बाद भी बेखौफ जारी 52 पत्तों का खेल! आखिर किसके भरोसे चल रहा अवैध कारोबार?

जंगलों, सुनसान इलाकों और मंदिरों के आसपास सज रही जुए की महफिल, ठिकाने बदलकर पहुंच रहे दूर-दराज के जुआरी; नाल काटकर फड़ संचालक भर रहे अपनी जेब, पुलिस की कार्रवाई के बावजूद नहीं थम रहा सिलसिला

कटनी। जिले में जुए का अवैध कारोबार लगातार चर्चा में बना हुआ है। शहर से लेकर ग्रामीण अंचलों तक 52 पत्तों के खेल की महफिल सजने की खबरें सामने आ रही हैं। पुलिस समय-समय पर जुआरियों के खिलाफ कार्रवाई कर रही है, इसके बावजूद जुआ फड़ संचालित करने वालों पर पूरी तरह अंकुश लगता नजर नहीं आ रहा है। कार्रवाई के बाद कुछ समय तक सन्नाटा रहता है और फिर नए ठिकानों पर जुए का खेल शुरू होने की शिकायतें सामने आने लगती हैं।

सूत्रों और स्थानीय स्तर पर मिल रही चर्चाओं के अनुसार, जुआ फड़ संचालित करने वाले कथित तौर पर पुलिस की नजरों से बचने के लिए लगातार अपने ठिकाने बदलते रहते हैं। कभी जंगलों के बीच तो कभी सुनसान स्थानों और ग्रामीण क्षेत्रों में जुए की महफिल सजाई जाती है। इन फड़ों पर दूर-दराज के इलाकों से जुआ खेलने वाले लोग पहुंचते हैं और घंटों तक 52 पत्तों का खेल चलता रहता है।

इस पूरे अवैध कारोबार में फड़ संचालकों की भूमिका भी सवालों के घेरे में है। बताया जाता है कि जुआ खेलने वालों के बीच चलने वाले दांव से फड़ संचालक नाल काटकर मोटी रकम वसूलते हैं। यानी जुआ खेलने वाले लोग जीत-हार के जोखिम में रहते हैं, जबकि फड़ संचालकों की कमाई का रास्ता लगातार बना रहता है। ऐसे में सवाल उठता है कि आखिर इस कारोबार को संचालित करने वाले लोगों पर प्रभावी कार्रवाई कब होगी?

आसमानी मंदिर के पास चल रहा था जुआ फड़, पांच आरोपी गिरफ्तार

स्लिमनाबाद थाना क्षेत्र के ग्राम निमास में आसमानी मंदिर के पास जुआ खेलने की सूचना पर पुलिस टीम ने दबिश दी। मौके पर पांच लोगों को जुआ खेलते हुए पकड़ा गया। पुलिस ने राजेश सोनी निवासी तेवरी, वीरेंद्र रजक (35 वर्ष) निवासी निमास, वीरेंद्र आदिवासी (35 वर्ष) निवासी तिलहारी, राजेंद्र काछी (55 वर्ष) निवासी अमोच और संतोष कुमार यादव (37 वर्ष) निवासी ग्राम अमोच को गिरफ्तार किया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 5,800 रुपये नकद और ताश के पत्ते बरामद किए।

सिर्फ जुआरियों पर कार्रवाई या फड़ संचालकों के नेटवर्क पर भी होगी चोट?

स्लिमनाबाद क्षेत्र की इस कार्रवाई ने जिले में सक्रिय जुआ फड़ों को लेकर एक बार फिर कई सवाल खड़े कर दिए हैं। यदि अलग-अलग क्षेत्रों में जुए की महफिलें सज रही हैं और इनके ठिकाने लगातार बदल रहे हैं, तो इनके संचालन से जुड़े लोगों तक पुलिस की पहुंच कितनी प्रभावी है? क्या सिर्फ मौके पर जुआ खेलते लोगों को पकड़ने से इस अवैध कारोबार पर पूरी तरह रोक लग पाएगी?

जरूरत इस बात की है कि पुलिस जुआ खेलने वालों के साथ-साथ फड़ संचालित करने वालों, नाल काटने वाले लोगों और इस कारोबार के पूरे नेटवर्क की भी जांच करे। जंगलों और सुनसान इलाकों में संचालित होने वाले कथित जुआ फड़ों पर निगरानी बढ़ाई जाए, ताकि इस अवैध गतिविधि पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके।

अब निगाहें पुलिस प्रशासन पर टिकी हैं कि 52 पत्तों के इस कथित कारोबार के पीछे सक्रिय लोगों तक कार्रवाई कब पहुंचेगी और कटनी जिले में जुए के फड़ों पर पूरी तरह लगाम लगाने के लिए क्या कदम उठाए जाएंगे।