कटनी ब्रेकिंग न्यूज़

कटनी में Kisna ज्वैलर्स शोरूम में बड़ी चोरी, दीवार में सेंध लगाकर करोड़ों के जेवरात ले उड़े चोर!

माधवनगर थाना क्षेत्र में सनसनीखेज वारदात से मचा हड़कंप, एसपी सहित कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंची, सीसीटीवी फुटेज खंगालने में जुटी पुलिस

कटनी। कटनी में चोरों ने एक ज्वैलर्स शोरूम को निशाना बनाकर सनसनी फैला दी। माधवनगर थाना क्षेत्र स्थित Kisna ज्वैलर्स के शोरूम में शातिर चोर पीछे की दीवार में सेंध लगाकर अंदर दाखिल हुए और सोने-चांदी के कीमती जेवरात लेकर फरार हो गए। चोरी की इस बड़ी वारदात में करोड़ों रुपये के आभूषण चोरी होने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि चोरी गए सामान की वास्तविक कीमत का आकलन होना अभी बाकी है।

घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। एसपी सहित कई थानों की पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस द्वारा चोरी के तरीके और चोरों के आने-जाने के रास्तों की बारीकी से जांच की जा रही है।

वहीं, पुलिस शोरूम और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है। कैमरों में कैद संदिग्धों की पहचान कर उनकी तलाश तेज कर दी गई है। शहर के प्रमुख ज्वैलर्स शोरूम में हुई इस बड़ी चोरी ने व्यापारिक क्षेत्र में भी चिंता बढ़ा दी है।

फिलहाल पुलिस जांच जारी है। चोरी की वास्तविक रकम और आरोपियों की संख्या का खुलासा जांच के बाद ही हो सकेगा।