कटनी में मंडी उड़नदस्ते का बड़ा एक्शन! 301.50 क्विंटल अवैध धान से भरा वाहन पकड़ा, मंडी अधिनियम के तहत 88,930 रुपये की वसूली
कटनी। जिले में धान के अवैध परिवहन और भंडारण पर प्रशासन ने सख्ती तेज कर दी है। कलेक्टर आशीष तिवारी के निर्देश पर कृषि उपज मंडी समिति कटनी के उड़नदस्ता दल ने बड़ी कार्रवाई करते हुए बिना वैध दस्तावेजों के धान का परिवहन कर रहे एक वाहन को पकड़ा। वाहन में 301.50 क्विंटल धान लोड था। मंडी विभाग ने मंडी अधिनियम के तहत कार्रवाई करते हुए कुल 88 हजार 930 रुपये की राशि वसूल की है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, दिनांक 18 नवंबर 2026 को कृषि उपज मंडी समिति कटनी के उड़नदस्ता दल द्वारा मंडी क्षेत्र में निरीक्षण किया जा रहा था। इसी दौरान वाहन क्रमांक UP65FT8757 को जांच के लिए रोका गया। जांच में वाहन में 301.50 क्विंटल कृषि उपज धान का परिवहन बिना वैध दस्तावेजों के किया जाना पाया गया। इसके बाद उड़नदस्ता दल ने अवैध परिवहन का प्रकरण तैयार कर मध्यप्रदेश मंडी अधिनियम 1972 की धारा 19(4) के अंतर्गत कार्रवाई की।
यह कार्रवाई कलेक्टर आशीष तिवारी से प्राप्त निर्देशों के परिपालन में अपर कलेक्टर एवं मध्यप्रदेश राज्य कृषि विपणन बोर्ड, आंचलिक कार्यालय जबलपुर के संयुक्त संचालक मोहम्मद शाहिद खान, भारसाधक अधिकारी एवं एसडीएम जितेन्द्र कुमार पटेल तथा मंडी सचिव मनीष मडावी के मार्गदर्शन में की गई।
तीन मदों में वसूली गई 88,930 रुपये की राशि
मंडी विभाग द्वारा की गई कार्रवाई में दांडिक मंडी शुल्क के रूप में 74,056 रुपये, निराश्रित शुल्क के रूप में 9,874 रुपये तथा प्रशमन शुल्क के रूप में 5,000 रुपये वसूल किए गए। इस तरह कुल 88,930 रुपये की राशि अधिरोपित कर वसूली गई।
उड़नदस्ता दल की रही अहम भूमिका
इस कार्रवाई में मंडी उड़नदस्ता दल प्रभारी एवं उप निरीक्षक सुधीर कुमार त्रिपाठी, उप निरीक्षक प्रशांत मौर्य तथा उप निरीक्षक विकास नारायण मिश्रा शामिल रहे।
धान खरीदी के सीजन में अवैध परिवहन और बिना वैध दस्तावेजों के कृषि उपज के आवागमन पर मंडी विभाग की निगरानी जारी है। इस कार्रवाई को नियमों का उल्लंघन कर धान का परिवहन करने वालों के लिए सख्त संदेश माना जा रहा है।
