कटनी में प्रतिबंध के बावजूद चोरी-छिपे बिक रहे बम-पटाखे! गोल बाजार में नियमों की खुलेआम धज्जियां, प्रशासन के आदेश बेअसर?

रामलीला मैदान के सामने कई दुकानों में फुटकर पटाखों की बिक्री जारी, बंद के निर्देशों के बावजूद कैसे हो रहा कारोबार? सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल

कटनी। शहर के गोल बाजार क्षेत्र में पटाखों की बिक्री को लेकर प्रशासनिक निर्देशों की खुलेआम अनदेखी किए जाने का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि बिक्री बंद होने के बावजूद कुछ दुकानदार चोरी-छिपे बम और पटाखे बेच रहे हैं। रामलीला मैदान के सामने स्थित कई दुकानों में फुटकर पटाखों की बिक्री किए जाने की शिकायतें सामने आ रही हैं।

एक ओर जिला प्रशासन द्वारा सुरक्षा व्यवस्था और नियमों का पालन कराने के लिए सख्त निर्देश जारी किए गए हैं, वहीं दूसरी ओर गोल बाजार क्षेत्र में इन निर्देशों को ठेंगा दिखाकर पटाखों का कारोबार किए जाने के आरोप लग रहे हैं।

आखिर किसके संरक्षण में चल रहा कारोबार?

सबसे बड़ा सवाल यह है कि जब प्रशासन ने पटाखा बिक्री को लेकर निर्देश जारी किए हैं, तो इसके बावजूद दुकानों में चोरी-छिपे बिक्री कैसे हो रही है? क्या जिम्मेदार अधिकारियों को इसकी जानकारी नहीं है या फिर कार्रवाई के अभाव में दुकानदारों के हौसले बुलंद हैं?

हादसे का इंतजार कर रहा प्रशासन?

गोल बाजार जैसे व्यस्त और भीड़भाड़ वाले इलाके में पटाखों की अनियंत्रित बिक्री किसी बड़े हादसे को न्योता दे सकती है। ऐसे में प्रशासन और पुलिस की जिम्मेदारी और भी बढ़ जाती है।

अब देखना होगा कि कटनी कलेक्टर के निर्देशों की अवहेलना करने वाले दुकानदारों के खिलाफ प्रशासन कब कार्रवाई करता है और रामलीला मैदान के सामने चल रही कथित अवैध बिक्री पर कब रोक लगती है।