कटनी में सरेराह बका लहराकर दहशत फैलाने वाला गिरफ्तार! बड़वारा पुलिस ने धारदार हथियार के साथ दबोचा, आर्म्स एक्ट में मामला दर्ज

गोपालपुर रोड पर पुलिया के पास लोगों को डरा-धमका रहा था आरोपी, उमरिया जिले का रहने वाला है गिरफ्तार युवक।

कटनी। जिले में अपराधियों और असामाजिक तत्वों के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी कड़ी में बड़वारा पुलिस ने सार्वजनिक स्थान पर धारदार हथियार बका लहराकर लोगों में दहशत फैलाने वाले एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से लोहे का धारदार बका बरामद कर उसके खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई की है।

लोगों को डरा-धमका रहा था आरोपी

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 02 नवंबर 2026 को ग्राम जगतपुर उमरिया के मदारी टोला से आगे गोपालपुर रोड स्थित पुलिया के पास एक व्यक्ति लोहे का धारदार बका लहराकर लोगों को डरा-धमका रहा था। सूचना पर बड़वारा पुलिस मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर आरोपी को पकड़ लिया।

पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम शंकर बर्मन पिता रामचरण बर्मन (38 वर्ष), निवासी ग्राम धनवाही, थाना कोतवाली, जिला उमरिया बताया। पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध थाना बड़वारा में धारा 25 आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की।

इनकी रही विशेष भूमिका

यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल मौर्य एवं डीएसपी मुख्यालय रत्नेश मिश्रा के मार्गदर्शन में की गई।

कार्रवाई में थाना प्रभारी उपनिरीक्षक सुयश पाण्डेय, सउनि महेश प्रताप सिंह, आरक्षक रवि कोरी एवं आरक्षक बृजलाल प्रजापति की विशेष भूमिका रही।