कटनी में स्वच्छता को लेकर नगर निगम सख्त, गंदगी फैलाने वाले ठेले वालों पर जुर्माना; दोबारा गलती की तो होगी कड़ी कार्रवाई
पाठक वार्ड में निगम की टीम ने की कार्रवाई, ठेले संचालकों को दी सख्त समझाइश—सफाई व्यवस्था से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं
कटनी। शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाने के उद्देश्य से नगर निगम कटनी ने स्वच्छता अभियान के तहत सख्ती तेज कर दी है। नगर निगम आयुक्त श्रीमती तपस्या परिहार के निर्देशानुसार तथा स्वास्थ्य अधिकारी निशांत कनोजिया के निर्देशन में निगम की टीम ने पाठक वार्ड में गंदगी फैलाने वाले ठेले संचालकों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए जुर्माना लगाया और उन्हें दोबारा ऐसी गलती नहीं करने की सख्त हिदायत दी।
कार्रवाई के दौरान क्षेत्रीय प्रभारी दीपक अग्निहोत्री के साथ वार्ड दरोगा संगीत शर्मा, लीलाधर, संदीप कुंडे और सोहन ने मौके पर पहुंचकर ठेले संचालकों को स्वच्छता के नियमों का पालन करने की समझाइश दी। टीम ने स्पष्ट किया कि ठेले के आसपास कचरा फैलाना और सार्वजनिक स्थानों पर गंदगी करना बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
नगर निगम की टीम ने चेतावनी दी कि भविष्य में दोबारा गंदगी फैलाते पाए जाने पर संबंधित ठेले संचालकों के खिलाफ नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही जुर्माने जैसी कार्रवाई से बचने के लिए सभी दुकानदारों और ठेले संचालकों से अपने आसपास साफ-सफाई रखने तथा कचरे का उचित निपटान करने की अपील की गई।
नगर निगम का संदेश स्पष्ट है—शहर की स्वच्छता केवल प्रशासन की नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। स्वच्छ कटनी के लक्ष्य को पूरा करने के लिए नियमों का उल्लंघन करने वालों पर कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
