कटनी नगर निगम का ठेकेदारों पर बड़ा एक्शन, दो फर्मों की अमानत राशि राजसात, दो साल तक टेंडर भरने पर लगाई रोक

कार्यादेश मिलने के बाद भी 15 दिन में अनुबंध नहीं किया निष्पादित, बार-बार अवसर देने के बावजूद नियमों की अनदेखी करना पड़ा भारी

कटनी। नगर निगम कटनी में सरकारी निर्माण कार्यों के नाम पर कार्यादेश हासिल करने के बाद निर्धारित समय-सीमा में अनुबंध निष्पादित नहीं करना दो ठेकेदारों को भारी पड़ गया। नगर निगम आयुक्त तपस्या परिहार ने सख्त रुख अपनाते हुए दो निर्माण एजेंसियों की स्वीकृत निविदाएं निरस्त कर उनकी जमा अमानत राशि राजसात करने के आदेश जारी किए हैं। इतना ही नहीं, दोनों ठेकेदारों को आगामी दो वर्षों तक नगर निगम कटनी की निविदाओं में भाग लेने से भी प्रतिबंधित कर दिया गया है।

नगर निगम प्रशासन की इस कार्रवाई से उन ठेकेदारों में हड़कंप मचना तय है, जो कार्यादेश मिलने के बाद भी निविदा की शर्तों और निर्धारित समय-सीमा को गंभीरता से नहीं लेते।

इन दो निर्माण एजेंसियों पर गिरी गाज

प्राप्त जानकारी के अनुसार, गणेश प्रसाद मसुरहा वार्ड में विभिन्न स्थानों पर सीसी रोड निर्माण कार्य के लिए मेसर्स लक्ष्मी कंस्ट्रक्शन एंड सप्लायर्स को कार्यादेश जारी किया गया था। वहीं इंदिरा गांधी वार्ड क्रमांक-4 के चौधरी मोहल्ला कुठला में सीसी नाली निर्माण का कार्य मेसर्स राज कंस्ट्रक्शन को सौंपा गया था।

निविदा की शर्तों के मुताबिक दोनों एजेंसियों को परफॉर्मेंस गारंटी एवं अतिरिक्त परफॉर्मेंस गारंटी की राशि जमा करने के बाद निर्धारित 15 दिनों के भीतर अनुबंध निष्पादित करना अनिवार्य था। लेकिन कार्यादेश जारी होने और निर्धारित समय-सीमा समाप्त होने के बावजूद दोनों निर्माण एजेंसियों ने अनुबंध की प्रक्रिया पूरी नहीं की।

अंतिम मौका भी दिया, फिर भी नहीं सुधरे ठेकेदार

नगर निगम प्रशासन ने ठेकेदारों को सीधे कार्रवाई से पहले सुधार का अवसर भी दिया। 3 जुलाई 2026 को दोनों एजेंसियों को अलग-अलग पत्र जारी कर सात दिवस के भीतर अनुबंध निष्पादित करने के निर्देश दिए गए थे। साथ ही स्पष्ट चेतावनी दी गई थी कि आदेश का पालन नहीं करने पर निविदा निरस्त करने, अमानत राशि राजसात करने और भविष्य में निगम की निविदाओं से प्रतिबंधित करने की कार्रवाई की जाएगी।

इसके बावजूद दोनों ठेकेदारों ने निगम प्रशासन के निर्देशों को गंभीरता से नहीं लिया। आखिरकार निगमायुक्त ने सख्त निर्णय लेते हुए दोनों के विरुद्ध कार्रवाई कर दी।

दो साल तक निगम के टेंडर में नहीं ले सकेंगे हिस्सा

निगमायुक्त के आदेश के तहत दोनों फर्मों की स्वीकृत निविदाएं निरस्त कर जमा अमानत राशि राजसात कर ली गई है। इसके अलावा मध्यप्रदेश शासन के प्रावधानों के तहत दोनों निर्माण एजेंसियों को आगामी दो वर्षों तक नगर निगम कटनी की निविदाओं में हिस्सा लेने से प्रतिबंधित कर दिया गया है।

निगमायुक्त का सख्त संदेश, काम में लापरवाही पर नहीं मिलेगी छूट

इस कार्रवाई के जरिए निगमायुक्त तपस्या परिहार ने साफ कर दिया है कि शासकीय निर्माण कार्यों में मनमानी, निविदा शर्तों की अनदेखी और समय-सीमा का उल्लंघन बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। कार्यादेश लेने के बाद अनुबंध प्रक्रिया पूरी नहीं करने वाले ठेकेदारों के विरुद्ध अब सीधे नियमानुसार कार्रवाई होगी।

नगर निगम की इस कार्रवाई को निर्माण कार्यों में जवाबदेही तय करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। अब देखना होगा कि इस सख्ती के बाद निगम के अन्य ठेकेदार निर्धारित समय-सीमा और शर्तों का कितना पालन करते हैं।