तमिल संगम एक्सप्रेस में चाकू की नोक पर लूट का खुलासा, 9 संदिग्ध हिरासत में

कटनी पुलिस, जीआरपी और आरपीएफ की संयुक्त कार्रवाई; 28 सितंबर की वारदात समेत रेलवे क्षेत्र की कई घटनाओं में संलिप्तता का दावा, 30 अन्य आरोपियों की जानकारी मिली

कटनी। काशी तमिल संगम एक्सप्रेस में यात्रियों को चाकू की नोक पर धमकाकर लूट और चोरी की वारदात के मामले में कटनी पुलिस, जीआरपी और आरपीएफ की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने खिरहनी फाटक और आधार कार्ड भट्ठा मोहल्ला सहित अन्य संदिग्ध क्षेत्रों में दबिश देकर 9 संदिग्ध आरोपियों को हिरासत में लिया है। पूछताछ में आरोपियों द्वारा 28 सितंबर को ट्रेन क्रमांक 16368 काशी तमिल संगम एक्सप्रेस में हुई वारदात में संलिप्तता स्वीकार किए जाने की जानकारी सामने आई है।

ट्रेन में यात्रियों को चाकू दिखाकर लूटा था

28 सितंबर 2026 को काशी तमिल संगम एक्सप्रेस के कटनी रेलवे स्टेशन के समीप पहुंचने के दौरान अज्ञात आरोपियों ने यात्रियों को चाकू दिखाकर भयभीत किया था। इस दौरान सोने की चेन, अंगूठी, नकदी और मोबाइल फोन सहित करीब 86 हजार रुपये की संपत्ति चोरी/लूट कर आरोपी ट्रेन से उतरकर फरार हो गए थे। मामले में जीआरपी थाना कटनी में अपराध क्रमांक 1364/2026 के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।

50 से अधिक पुलिसकर्मियों की संयुक्त टीम ने घेरा

घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल मौर्य और ASC कटनी अशोक कुमार के नेतृत्व में चार विशेष टीमें गठित की गईं। टीमों में कोतवाली थाना प्रभारी निरीक्षक राखी पाण्डेय, कुठला थाना प्रभारी अखिलेश दाहिया, RPF पोस्ट कटनी प्रभारी निरीक्षक वीरेन्द्र सिंह, जीआरपी थाना प्रभारी अनिल मेरावी, एनकेजे थाना प्रभारी रूपेन्द्र राजपूत और रंगनाथ नगर थाना प्रभारी सिद्धार्थ राय सहित पुलिस, जीआरपी और आरपीएफ के करीब 50 अधिकारी-कर्मचारी शामिल रहे।

9 संदिग्ध हिरासत में

संयुक्त टीम ने खिरहनी फाटक, आधार कार्ड भट्ठा मोहल्ला सहित अन्य आपराधिक गतिविधियों वाले क्षेत्रों में दबिश देकर समीर रूपेंद्र, अनुराग निषाद, जय निषाद, अतुल निषाद, शिवा निषाद, दीपक निषाद, करण निषाद, अरुण निषाद और विकास निषाद को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया।

अन्य ट्रेनों में वारदातों को लेकर भी पूछताछ

पुलिस के अनुसार आरोपियों से 28 सितंबर की घटना के अलावा 21 जुलाई को ट्रेन क्रमांक 18448 और 28 जुलाई को स्पेशल ट्रेन क्रमांक 03252 में हुई घटनाओं तथा रेलवे क्षेत्र में सामने आए अन्य अपराधों के संबंध में भी पूछताछ की गई। पुलिस का कहना है कि पूछताछ के दौरान आरोपियों ने इन घटनाओं के संबंध में भी महत्वपूर्ण जानकारी दी है।

30 अन्य अपराधियों की मिली जानकारी

पूछताछ में रेलवे क्षेत्र में आपराधिक गतिविधियों में कथित रूप से शामिल करीब 30 अन्य लोगों के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी मिलने की बात सामने आई है। पुलिस अब इनकी भूमिका की जांच कर रही है और फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है।

वहीं, हिरासत में लिए गए आरोपियों का आपराधिक रिकॉर्ड ICJS के माध्यम से खंगाला जा रहा है। पुलिस द्वारा संबंधित आरोपियों की हिस्ट्रीशीट तैयार करने की कार्रवाई भी की जा रही है। मामले में आगे और खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।