कटनी रेलवे स्टेशन के आउटर में पटरी पर मिला सिर कटा अज्ञात व्यक्ति का शव, कई सवाल खड़े!

ट्रेनों में चाय बेचने वाला वेंडर होने की जताई जा रही आशंका, शव के पास चाय का कंटेनर होने की भी चर्चा; GRP पुलिस ने नहीं की पुष्टि, मृतक की पहचान में जुटी पुलिस

कटनी। कटनी रेलवे स्टेशन के आउटर क्षेत्र में रेलवे ट्रैक पर एक अज्ञात व्यक्ति का सिर धड़ से अलग शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। घटना की जानकारी आने-जाने वाले लोगों ने कटनी जीआरपी पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक जांच-पड़ताल शुरू की। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेजा गया।

फिलहाल मृतक की पहचान नहीं हो सकी है। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार मृतक ट्रेनों में चाय बेचने का काम करता था और वेंडर हो सकता है। घटनास्थल पर शव के पास चाय बेचने वाला कंटेनर रखे होने की भी चर्चा है, हालांकि जीआरपी पुलिस ने इन दोनों बातों की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। ऐसे में घटना की वास्तविक परिस्थितियां जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेंगी।

अवैध वेंडरों की मौजूदगी पर फिर उठे सवाल

इस घटना ने कटनी रेलवे स्टेशन और आउटर क्षेत्र में सक्रिय कथित अवैध वेंडरों की व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। बताया जाता है कि स्टेशन परिसर और ट्रेनों में कई ऐसे वेंडर सक्रिय हैं, जिनकी पहचान और पुलिस सत्यापन को लेकर सवाल उठते रहे हैं। यदि मृतक वाकई वेंडर था, तो उसकी पहचान और उसके परिजनों तक सूचना पहुंचाना भी एक बड़ी चुनौती होगी।

सबसे बड़ा सवाल यह है कि रेलवे स्टेशन और ट्रेनों में बिना पहचान एवं सत्यापन के काम करने वाले लोगों की जिम्मेदारी आखिर किसकी है? क्या संबंधित विभाग के पास इन वेंडरों का कोई रिकॉर्ड उपलब्ध है? और यदि नहीं, तो यात्रियों की सुरक्षा के साथ-साथ ऐसे लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए जिम्मेदार विभाग क्या कदम उठा रहे हैं?

फिलहाल पुलिस के सामने सबसे पहली प्राथमिकता मृतक की पहचान कर उसके परिजनों तक सूचना पहुंचाना है। साथ ही यह भी पता लगाना जरूरी है कि व्यक्ति की मौत किन परिस्थितियों में हुई। यह हादसा है या इसके पीछे कोई अन्य वजह, इसका खुलासा पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगा।