कटनी रेलवे स्टेशन पर अपराधियों का ‘खुला खेल’, GRP और RPF की गश्त पर उठे गंभीर सवाल! यात्रियों की सुरक्षा भगवान भरोसे
स्टेशन परिसर के बाहर जुआ फड़, जेबकतरों और असामाजिक तत्वों का कथित जमावड़ा; ऑटो चालकों की मनमानी और यात्रियों से मारपीट की शिकायतें, आखिर जिम्मेदार अधिकारी कब लेंगे सुध?
कटनी। देश के प्रमुख रेलवे जंक्शनों में शुमार कटनी रेलवे स्टेशन पर यात्रियों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। स्टेशन परिसर और उसके आसपास कथित तौर पर असामाजिक तत्वों, नशेड़ियों, जुआरियों और जेबकतरों की सक्रियता से यात्रियों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। हैरानी की बात यह है कि सुरक्षा की जिम्मेदारी संभालने वाली जीआरपी (GRP) और आरपीएफ (RPF) की निगरानी एवं गश्त व्यवस्था को लेकर भी अब सवाल उठने लगे हैं।
स्थानीय स्तर पर मिल रही शिकायतों के मुताबिक, कटनी जंक्शन के मुख्य गेट के बाहर सुबह से ही कुछ ऑटो चालक एकत्रित होकर कथित रूप से 52 पत्तों का जुआ खेलते नजर आते हैं। आरोप है कि इस जुए के खेल में कुछ यात्री भी फंस जाते हैं और लालच में आकर अपनी गाढ़ी कमाई गंवा बैठते हैं। वहीं स्टेशन परिसर के आसपास जेबकतरों की सक्रियता भी यात्रियों के लिए चिंता का विषय बनी हुई है। भीड़भाड़ का फायदा उठाकर यात्रियों के सामान और नकदी पर हाथ साफ किए जाने की शिकायतें सामने आती रहती हैं।
ऑटो चालकों की मनमानी से यात्री परेशान
रेलवे स्टेशन पहुंचने वाले यात्रियों की परेशानी केवल जेबकतरों और जुआरियों तक सीमित नहीं है। ऑटो चालकों द्वारा मनमाना किराया वसूलने और विरोध करने पर विवाद एवं मारपीट किए जाने के आरोप भी लग रहे हैं। यात्रियों का कहना है कि स्टेशन के बाहर कुछ लोग अपनी मनमानी चलाते हैं। वहीं चाय-पान के ठेलों पर भी निर्धारित कीमत से अधिक पैसे मांगने और विरोध करने पर अभद्रता एवं मारपीट की शिकायतें सामने आ रही हैं।
24 घंटे सक्रिय असामाजिक तत्व, फिर कहां है पुलिस की निगरानी?
सबसे बड़ा सवाल यह है कि यदि स्टेशन के बाहर इस तरह की गतिविधियां लंबे समय से संचालित हो रही हैं, तो जिम्मेदार सुरक्षा एजेंसियों को इसकी जानकारी क्यों नहीं मिल रही? क्या स्टेशन के मुख्य प्रवेश द्वार और बाहर के संवेदनशील स्थानों पर नियमित गश्त की व्यवस्था नहीं है? क्या पुलिस अधिकारियों द्वारा औचक निरीक्षण किया जाता है? यात्रियों की सुरक्षा के लिए तैनात जवानों की मौजूदगी के बावजूद यदि इस तरह की शिकायतें सामने आ रही हैं, तो व्यवस्था की समीक्षा होना बेहद जरूरी है।
बड़े अधिकारियों के निरीक्षण पर भी सवाल
कटनी रेलवे स्टेशन से प्रतिदिन बड़ी संख्या में यात्री आवागमन करते हैं। ऐसे में स्टेशन परिसर और उसके आसपास सुरक्षा व्यवस्था मजबूत होना बेहद आवश्यक है। लेकिन यात्रियों की शिकायतों के बीच सवाल उठ रहा है कि रेलवे के वरिष्ठ अधिकारी, जीआरपी और आरपीएफ के आला अधिकारी आखिर कब स्टेशन की वास्तविक स्थिति का निरीक्षण करेंगे? केवल शिकायत मिलने के बाद औपचारिक कार्रवाई करने से क्या यात्रियों को सुरक्षित माहौल मिल पाएगा?
क्या किसी बड़ी वारदात का इंतजार कर रहा है जिम्मेदार महकमा?
यात्रियों की सुरक्षा कोई औपचारिकता नहीं, बल्कि पुलिस और रेलवे प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है। स्टेशन के बाहर जुआ, अवैध गतिविधियों, कथित लूटपाट, जेबकटमारी और ऑटो चालकों की मनमानी जैसी शिकायतों को गंभीरता से लेने की जरूरत है। जीआरपी और आरपीएफ को संयुक्त गश्त बढ़ाने, संदिग्ध व्यक्तियों पर निगरानी रखने, जुआ खेलने वालों के खिलाफ कार्रवाई करने तथा ऑटो चालकों और दुकानदारों की मनमानी पर अंकुश लगाने के लिए ठोस कदम उठाने चाहिए।
अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि कटनी रेलवे स्टेशन पर यात्रियों को सुरक्षित वातावरण देने की जिम्मेदारी आखिर कौन निभाएगा? क्या जीआरपी और आरपीएफ के वरिष्ठ अधिकारी इन शिकायतों का संज्ञान लेकर जवाबदेही तय करेंगे, या फिर यात्रियों को इसी तरह परेशानियों के बीच सफर करने के लिए मजबूर होना पड़ेगा?
