कटायेघाट मेले में रासलीला की मनमोहक प्रस्तुतियों ने बांधा समां, कृष्ण भक्ति में झूम उठे श्रद्धालु
राधा-कृष्ण की दिव्य लीलाओं ने जीता दर्शकों का दिल, रविवार शाम 6:30 बजे होगा भव्य लेजर शो
कटनी। श्री बजरंग कटायेघाट मेले की सांस्कृतिक संध्या शुक्रवार को भगवान श्रीकृष्ण की मनमोहक रासलीला के नाम रही। सांस्कृतिक मंच पर कलाकारों ने पारंपरिक संगीत, आकर्षक नृत्य और भावपूर्ण अभिनय के माध्यम से राधा-कृष्ण की दिव्य लीलाओं का ऐसा जीवंत मंचन किया कि दर्शक भक्ति रस में डूब गए।
रासलीला के दौरान भगवान श्रीकृष्ण और राधा रानी की मनोहारी झांकियों एवं लीलाओं ने उपस्थित श्रद्धालुओं का मन मोह लिया। पूरा मेला परिसर श्रीकृष्ण के जयकारों और तालियों की गूंज से भक्तिमय हो उठा। बड़ी संख्या में पहुंचे लोगों ने कार्यक्रम का आनंद लिया और कलाकारों की प्रस्तुतियों की सराहना की।
इस आयोजन ने धार्मिक आस्था के साथ भारतीय संस्कृति और परंपराओं की सुंदर झलक भी प्रस्तुत की। कार्यक्रम में एमआईसी सदस्य सुभाष साहू, डॉ. रमेश सोनी, उमेंद्र अहिरवार सहित जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।
रविवार को लेजर शो रहेगा मेले का खास आकर्षण
मेले में मनोरंजन और आधुनिक तकनीक का अनूठा संगम रविवार 29 नवंबर को देखने को मिलेगा। शाम 6:30 बजे से भव्य लेजर शो का आयोजन किया जाएगा। रंग-बिरंगी रोशनी और आधुनिक तकनीक से सजे आकर्षक दृश्य दर्शकों के लिए खास आकर्षण होंगे।
नगर निगम उपायुक्त एवं मेला प्रभारी श्रीमती प्रियंका झारिया ने बताया कि आयोजन को यादगार बनाने के लिए विशेष तैयारियां की गई हैं। निगम प्रशासन ने शहरवासियों एवं श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर लेजर शो का आनंद लेने की अपील की है।
