Nishchal Sharma | Kota

खानपुर। स्वायत्त शासन विभाग, राजस्थान सरकार के निर्देशानुसार नगर पालिका खानपुर की ओर से स्वच्छ भारत मिशन (शहरी) 2.0 के तहत नगर क्षेत्र में सघन जन-जागरूकता अभियान आयोजित किया गया। अभियान के अंतर्गत विभिन्न स्थानों पर नुक्कड़ नाटकों और छात्र जागरूकता रैली के माध्यम से आमजन को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया गया।

नगर के प्रमुख व्यावसायिक केंद्रों, मंडियों, सार्वजनिक चौराहों और शैक्षणिक क्षेत्रों में आयोजित गतिविधियों के माध्यम से स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छ एवं हरित भारत के निर्माण का संदेश दिया गया। इस दौरान विद्यार्थियों एवं आमजन ने स्वच्छता बनाए रखने तथा शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाने में सक्रिय सहभागिता निभाने की शपथ ली।

नगर पालिका की ओर से नागरिकों से अपील की गई कि वे स्वच्छता को अपनी दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाएं तथा नगर को स्वच्छ, सुंदर और पर्यावरण अनुकूल बनाने में सहयोग करें।