निश्चल शर्मा | कोटा
ग्रामीण पुलिस ने किसानों के खेतों में लगे विद्युत तार चोरी करने वाले गिरोह के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए कई वारदातों का खुलासा किया है। पुलिस ने आरोपियों से 1200 किलोग्राम से अधिक 33 केवी एवं 11 केवी विद्युत तार बरामद किए हैं। साथ ही चोरी की घटनाओं में प्रयुक्त एक कार भी जब्त की गई है।
पुलिस अधीक्षक सुजीत शंकर के निर्देशन में चोरी की बढ़ती घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए एंटी थेफ्ट सेल का गठन किया गया। टीम ने करीब एक माह तक तकनीकी साक्ष्यों, सीसीटीवी फुटेज और अन्य सूचनाओं के आधार पर जांच करते हुए आरोपियों की पहचान की।
पुलिस के अनुसार, गिरोह के सदस्य कोटा ग्रामीण क्षेत्र के कैथून, सीमलिया और देवली मांझी सहित विभिन्न इलाकों में खेतों पर लगे विद्युत खंभों से तार काटकर चोरी करते थे। इन वारदातों के कारण किसानों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा था और सिंचाई के लिए बिजली की आपूर्ति भी प्रभावित हो रही थी। जांच में कोटा ग्रामीण क्षेत्र के 77 स्थानों पर हुई तार चोरी की घटनाओं का खुलासा हुआ है।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने गिरोह के प्रमुख सदस्यों को गिरफ्तार किया। इसके अलावा चोरी के तार खरीदने वाले कबाड़ियों की भूमिका भी सामने आई है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 1200 किलो से अधिक विद्युत तार और वारदात में इस्तेमाल की गई स्विफ्ट डिजायर कार (RJ20CA6925) जब्त की है।
पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया कि आरोपी पिछले छह महीनों में 100 से अधिक वारदातों को अंजाम दे चुके हैं। गिरोह के सदस्य अलग-अलग समूहों में काम करते हुए विभिन्न क्षेत्रों में चोरी की घटनाएं करते थे। पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ कर अन्य वारदातों और चोरी का माल खरीदने वाले व्यक्तियों के संबंध में जानकारी जुटा रही है।
इस कार्रवाई में कोटा ग्रामीण पुलिस की एंटी थेफ्ट सेल, संबंधित थानों की टीमों और जिला विशेष टीम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। पुलिस का कहना है कि संपत्ति संबंधी अपराधों पर अंकुश लगाने और किसानों को राहत दिलाने के लिए अभियान आगे भी जारी रहेगा।
