निश्चल शर्मा | कोटा
कोटा। कोटा कम्युनिटी द्वारा विद्यार्थियों के सहयोग से कोरल पार्क कॉलोनी में स्वच्छता अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान कॉलोनी की सड़कों पर एकत्रित कचरे को साफ कर आमजन को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया गया। विद्यार्थियों ने श्रमदान करते हुए स्वच्छ एवं सुंदर वातावरण बनाए रखने का संदेश दिया।
इस दौरान कॉलोनी में नियमित रूप से नगर निगम की कचरा संग्रहण गाड़ी नहीं आने तथा कुछ हॉस्टल संचालकों द्वारा साफ-सफाई की समुचित व्यवस्था नहीं किए जाने पर आपत्ति जताई गई। सदस्यों ने कहा कि कोटा में बड़ी संख्या में विद्यार्थी रहते हैं, ऐसे में हॉस्टल क्षेत्रों में स्वच्छता और कचरा निस्तारण की उचित व्यवस्था होना बेहद जरूरी है।
कोटा कम्युनिटी ने नगर निगम प्रशासन से नियमित कचरा संग्रहण सुनिश्चित करने, सड़क किनारे जमा कचरे का समय पर निस्तारण करने तथा संबंधित हॉस्टल संचालकों को सफाई व्यवस्था बनाए रखने के लिए पाबंद करने की मांग की।
अभियान के माध्यम से संदेश दिया गया कि स्वच्छता केवल प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का सामूहिक दायित्व है। यदि प्रशासन, हॉस्टल संचालक, विद्यार्थी और स्थानीय निवासी मिलकर प्रयास करें, तो कोटा को स्वच्छ एवं बेहतर बनाया जा सकता है।
कोटा कम्युनिटी ने अभियान के माध्यम से आमजन से अपील की कि कचरा निर्धारित स्थान पर ही डालें और अपने आसपास स्वच्छता बनाए रखने में सक्रिय भागीदारी निभाएं।
