कोटा। कोटा मेडिकल कॉलेज में 5 प्रसूताओं की असामयिक मौत के मामले को लेकर बाबा साहेब जन चेतना मिशन सोसायटी, बांसवाड़ा ने जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा। संगठन ने मामले की जांच रिपोर्ट सार्वजनिक करने के साथ ही दोषियों के खिलाफ की गई कार्रवाई की जानकारी उपलब्ध कराने की मांग की।

मामले को गंभीर एवं संवेदनशील बताते हुए संगठन ने कहा कि घटना की जांच के लिए गठित विशेष टीम की रिपोर्ट अब तक सार्वजनिक नहीं की गई है। जांच रिपोर्ट की प्रमाणित प्रति उपलब्ध कराने तथा यह स्पष्ट करने की मांग की गई कि जांच में किस स्तर की लापरवाही सामने आई और उसके आधार पर क्या कार्रवाई की गई।

संगठन ने Action Taken Report की भी मांग की है, जिसमें अब तक की गई प्रशासनिक एवं कानूनी कार्रवाई, जिम्मेदार अधिकारियों/कर्मचारियों के विरुद्ध उठाए गए कदम तथा मामले की वर्तमान स्थिति स्पष्ट करने को कहा गया है।

इसके अलावा मृतक प्रसूताओं के परिवारों को दिए जाने वाले आर्थिक मुआवजे की स्थिति, निर्धारित राशि, भुगतान की प्रक्रिया और समय-सीमा की जानकारी उपलब्ध कराने की मांग की गई है। वहीं, धरने के दौरान मृतक परिवार के एक सदस्य को नौकरी देने के दिए गए आश्वासन पर भी स्थिति स्पष्ट करने की मांग रखी गई है।

संगठन ने पूरे मामले में जिम्मेदारी तय कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करने तथा मृतक प्रसूताओं के परिवारों को न्याय दिलाने की मांग की है। ज्ञापन 5 अक्टूबर 2026 को जिला कलेक्टर के नाम सौंपा गया।