Nishchal Sharma | Kota

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने शुक्रवार को कोटा में आयोजित ‘लोकतंत्र बचाओ-अराजकता हटाओ’ पदयात्रा को संबोधित करते हुए कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने 1975 में आपातकाल लगाकर लोकतांत्रिक अधिकारों का हनन किया और संविधान की मर्यादा को कुचला। आज वही पार्टी लोकतंत्र के नाम पर जनता को गुमराह कर रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस चुनाव परिणाम अपने पक्ष में आने पर लोकतंत्र को मजबूत और हारने पर लोकतंत्र को खतरे में बताती है। उन्होंने कांग्रेस पर भ्रष्टाचार, तुष्टीकरण और जातिवाद को बढ़ावा देने तथा संवैधानिक संस्थाओं पर सवाल उठाने का आरोप लगाया। एसआईआर का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि मतदाता सूची की शुद्धता लोकतांत्रिक प्रक्रिया के लिए जरूरी है। किसी को आपत्ति है तो ठोस प्रमाणों के साथ सक्षम प्राधिकरण या न्यायालय में अपनी बात रखनी चाहिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार भ्रष्टाचार के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम कर रही है। अब तक 265 से अधिक अधिकारियों-कर्मचारियों को निलंबित और करीब 700 के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई की गई है। कार्यक्रम में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़, शिक्षा मंत्री मदन दिलावर, ऊर्जा मंत्री हीरालाल नागर, विधायक संदीप शर्मा, विधायक कल्पना देवी, कोटा शहर जिलाध्यक्ष राकेश जैन, कोटा देहात जिलाध्यक्ष प्रेम गोचर सहित भाजपा के वरिष्ठ पदाधिकारी और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।