Nishchal Sharma | Kota

कोटा। कोटा शहर पुलिस अधीक्षक तेजस्वनी गौतम के निर्देशन में पुलिस कार्यालय स्थित कॉन्फ्रेंस हॉल में कालिका पेट्रोलिंग यूनिट के साथ संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि लाडपुरा विधायक कल्पना देवी रहीं। इस दौरान उन्होंने महिला पुलिसकर्मियों से सीधा संवाद कर उनके कार्यों, अनुभवों और कार्यक्षेत्र में आने वाली समस्याओं की जानकारी ली। कार्यक्रम में पुलिस अधिकारियों ने कालिका पेट्रोलिंग यूनिट की कार्यप्रणाली, महिला सुरक्षा में इसकी भूमिका और महिलाओं एवं बालिकाओं को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने के लिए किए जा रहे प्रयासों की जानकारी दी। विधायक ने महिला सुरक्षा को और प्रभावी बनाने तथा आमजन के प्रति संवेदनशील व्यवहार एवं सकारात्मक पुलिसिंग को बढ़ावा देने के लिए सुझाव भी साझा किए। इस अवसर पर विधायक कल्पना देवी ने विधायक कोष से उपलब्ध कराए गए अतिक्रमण रोधी वाहन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। साथ ही पुलिस लाइन स्थित वात्सल्य भवन का नवीनीकरण कराने और प्रत्येक कालिका यूनिट को एक-एक किट उपलब्ध कराने की घोषणा की। उन्होंने महिला सुरक्षा के क्षेत्र में कालिका पेट्रोलिंग यूनिट के कार्यों की सराहना करते हुए पुलिसकर्मियों को पूरी निष्ठा और संवेदनशीलता के साथ दायित्व निभाने के लिए प्रेरित किया।