पं संदीप शर्मा रिपोर्टर
कलेक्टर की एक और अभिनव पहल : कटनी को जाने ऑनलाइन क्विज प्रतियोगिता का हुआ शुभारंभ
संपूर्ण भारतवासी क्विज में भाग लेकर जीत सकते हैं रोजाना पुरुस्कार
कटनी। समूचा देश हमारी कटनी के गौरवमयी इतिहास, समृद्धशाली सांस्कृतिक, साहित्यिक और भौगौलिक विरासत सहित कई विशेषताओं से अब परिचित होगा। यह सब संभव होने जा रहा है कलेक्टर कटनी अवि प्रसाद की विशेष रुचि और प्रयासों से। समूचा देश जिला प्रशासन कटनी द्वारा प्रारंभ की गई ऑनलाइन क्विज प्रतियोगिता के माध्यम से कटनी को बेहतर और नए सिरे से जान सकेगा।
रेडक्रॉस सोसायटी और इनटेक चैप्टर कटनी बने इस अभिनव पहल के सहयोगी
कलेक्टर कटनी अवि प्रसाद के नवाचारों में शामिल इस एक और अभिनव पहल में रेडक्रॉस सोसायटी कटनी और इनटेक चैप्टर कटनी सहयोगी की भूमिका में है। इन दोनों संस्थाओं के सहयोग से जिला प्रशासन द्वारा आयोजित इस ऑनलाइन क्विज प्रतियोगिता का शुभारंभ आज विश्व रेडक्रॉस दिवस के अवसर पर शाम 5 बजे कलेक्टर श्री प्रसाद द्वारा किया गया। कलेक्टर श्री प्रसाद द्वारा इस ऑनलाइन क्विज प्रतियोगिता के लिए शिक्षविद विवेक दुबे को नोडल अधिकारी बनाया गया है। इस प्रतियोगिता के लिए डॉ अमित साहू द्वारा लिखित पुस्तक "राष्ट्रीय स्वतंत्रता आंदोलन में कटनी का योगदान" और राजेंद्र प्रसाद अग्रवाल द्वारा लिखित "कटनी अतीत दर्शन" को संदर्भ के तौर पर लिया गया है। इस प्रतियोगिता का कंटेंट तैयार करने बनी समिति में इनटेक चैप्टर कटनी के मोहन नागवानी, राजेंद्र प्रसाद ठाकुर, चित्रा प्रभात, सत्यदेव चतुर्वेदी, राजेंद्र प्रसाद अग्रवाल शामिल हैं।
15 अगस्त तक रोजाना होगी प्रतियोगिता
"कटनी को जानो" ऑनलाइन क्विज प्रतियोगिता के संबंध में कलेक्टर अवि प्रसाद ने बताया कि इस प्रतियोगिता का मुख्य उद्देश्य कटनी जिले के गौरवपूर्ण इतिहास, विशेषताओं और राष्ट्रीय स्वतंत्रता आंदोलन में कटनी के योगदान से समूचे देश के आम जनमानस और नई पीढ़ी को परिचित कराना है। यह ऑनलाइन क्विज प्रतियोगिता आज 8 मई से प्रारंभ होकर सार्वजनिक अवकाश को छोड़कर शेष सभी दिवस प्रतिदिन 15 अगस्त स्वतंत्रता दिवस तक आयोजित की जाएगी। जिसमें आज 8 मई को प्रतियोगिता का कंटेंट और प्रश्न शाम 5 बजे प्रसारित किया जाएगा। जिसमें प्रतिभागी आज रात 12 बजे तक प्रश्नों के ऑनलाइन जवाब सबमिट कर सकते हैं। 9 मई से
प्रतिदिन सुबह 11 बजे कटनी के इतिहास, विशेषताओं और रोचक जानकारियों से संबंधित एक निर्धारित कंटेंट (जानकारी) ऑनलाइन साझा की जाएगी। साथ ही इस कंटेंट पर आधारित बहुविकल्पीय 10 प्रश्न ऑनलाइन प्रसारित किए जायेंगे। जिनके उत्तर प्रतिभागी को उसी दिन रात 12 बजे तक ऑनलाइन सबमिट करने होंगे। अगले दिन सुबह 11 बजे परिणाम घोषित करने के साथ ही नया कंटेंट और नए 10 बहुविकल्पीय प्रश्न प्रसारित किए जायेंगे। यह क्रम 15 अगस्त 2023 तक जारी रहेगा। प्रतिभागी http://katni nic.in/event/कटनी-को -जाने -प्रतियोगिता/ लिंक के जरिए प्रतियोगिता में शामिल हो सकते हैं। इसके अलावा जनसंपर्क कटनी द्वारा प्रतियोगिता से संबंधित जारी क्यूआर कोड को स्कैन कर भी प्रतियोगिता में शामिल हो सकते हैं।
प्रतिभागी का भारत की नागरिकता होना जरूरी
प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए प्रतिभागी को भारत का नागरिक होना जरूरी है। इसके अलावा किसी प्रकार की कोई बाध्यता प्रतिभागी के लिए निर्धारित नहीं की गई है। किसी भी उम्र के प्रतिभागी इस प्रतियोगिता में भाग ले सकते हैं।
