मदन दिलावर का राहुल गांधी और सोनिया गांधी पर विवादित बयान, कांग्रेस पर साधा निशाना

कोटा। शिक्षा मंत्री मदन दिलावर ने राहुल गांधी और सोनिया गांधी को लेकर बयान देते हुए कांग्रेस पर निशाना साधा। कोटा में प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान दिलावर ने कहा कि चाणक्य ने कहा था कि विदेशी मूल के व्यक्ति से देशहित की अपेक्षा नहीं की जा सकती। इसी संदर्भ में उन्होंने राहुल गांधी पर टिप्पणी करते हुए कहा कि उनसे देशहित की उम्मीद नहीं की जा सकती।

दिलावर ने कहा कि देश की जनता ने कांग्रेस को नकारकर एक कोने में खड़ा कर दिया है। अब कांग्रेस लोकतंत्र और चुनाव प्रक्रिया पर सवाल उठाकर भ्रम फैलाने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कांग्रेस के रवैये पर सवाल उठाते हुए कहा कि जनता के फैसले को स्वीकार करना चाहिए।

दरअसल, भाजपा की ओर से ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ अभियान की शुरुआत शुक्रवार को कोटा से की जा रही है। इसी अभियान के संबंध में शिक्षा मंत्री मदन दिलावर ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर कांग्रेस पर निशाना साधा और अपने विचार रखे।