मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद की ग्वालियर जिला समीक्षा बैठक आयोजित

नवांकुर संस्थाओं के कार्यों की समीक्षा कर परिषद के उद्देश्यों एवं कार्यप्रणाली पर दिया मार्गदर्शन

ग्वालियर, 26 अक्टूबर 2026/ मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद की ग्वालियर जिला समीक्षा बैठक का आयोजन सोमवार को विवेकानंद नीडम परिसर, ग्वालियर में किया गया। बैठक में मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद के प्रदेश उपाध्यक्ष श्री मोहन नागर मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम में परिषद के शासी निकाय के सदस्य श्री शशिदत्त गगरानी, विवेकानंद केंद्र की प्रांत संगठक रचना दीदी, परिषद के संभाग समन्वयक श्री सुशील बरुआ एवं जिला समन्वयक श्री धर्मेंद्र दीक्षित विशेष रूप से उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा भारत माता एवं स्वामी विवेकानंद के चित्रों पर माल्यार्पण और दीप प्रज्ज्वलन के साथ किया गया। इसके पश्चात बैठक में उपस्थित नवांकुर संस्थाओं के प्रतिनिधियों का परिचय प्राप्त किया गया।

बैठक में मुख्य अतिथि श्री मोहन नागर ने मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद के उद्देश्यों, कार्यप्रणाली तथा समाज के विकास में परिषद की भूमिका पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने नवांकुर संस्थाओं के प्रतिनिधियों से जनभागीदारी के माध्यम से सामाजिक परिवर्तन लाने, जनजागरूकता बढ़ाने तथा शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।

इस अवसर पर शासी निकाय के सदस्य श्री शशिदत्त गगरानी एवं विवेकानंद केंद्र की प्रांत संगठक रचना दीदी ने भी अपने विचार व्यक्त किए। उन्होंने सामाजिक कार्यों में समर्पण, सेवाभाव और सामूहिक सहभागिता के महत्व पर प्रकाश डालते हुए समाज के विकास के लिए मिलकर कार्य करने की आवश्यकता बताई।

बैठक के प्रारंभ में परिषद की समीक्षा बैठक के उद्देश्य एवं रूपरेखा का प्रस्तुतीकरण संभाग समन्वयक श्री सुशील बरुआ ने किया। इस दौरान नवांकुर संस्थाओं की भूमिका, सामाजिक गतिविधियों के प्रभावी क्रियान्वयन तथा परिषद के उद्देश्यों के अनुरूप कार्य करने से संबंधित विषयों पर चर्चा की गई। साथ ही संस्थाओं के कार्यों की समीक्षा कर उनके कार्यों को और अधिक प्रभावी बनाने के संबंध में मार्गदर्शन दिया गया।

कार्यक्रम का संचालन श्री मनोज दुबे ने किया। अंत में जिला समन्वयक श्री धर्मेंद्र दीक्षित ने सभी अतिथियों एवं उपस्थित प्रतिनिधियों के प्रति आभार व्यक्त किया।

इस अवसर पर विकासखंड समन्वयक श्रीमती प्रीति बाजपेयी, श्री विनोद शर्मा, रमन शिक्षा समिति के अध्यक्ष श्री हरिओम गौतम, श्री राजकुमार प्रजापति, श्री उदय यादव, श्री योगेश शर्मा, श्री रईस खान, श्री नरेंद्र शर्मा सहित बड़ी संख्या में नवांकुर संस्थाओं के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान के तहत किया पौधरोपण

बैठक के समापन पर विवेकानंद नीडम परिसर में ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान के अंतर्गत अतिथियों एवं उपस्थित प्रतिनिधियों द्वारा बेलपत्री का पौधा लगाया गया। इस अवसर पर पर्यावरण संरक्षण और हरित वातावरण के निर्माण का संदेश देते हुए सभी से अधिक से अधिक पौधे लगाने तथा उनकी नियमित देखभाल करने का आह्वान किया गया।

बैठक का मुख्य उद्देश्य परिषद के कार्यों की समीक्षा करना, नवांकुर संस्थाओं के बीच समन्वय को मजबूत बनाना तथा समाज के विकास में जनभागीदारी को और अधिक प्रभावी बनाना रहा।