Nishchal Sharma | Kota
कोटा। शहर में यातायात नियमों का उल्लंघन करने और तेज आवाज से ध्वनि प्रदूषण फैलाने वाले वाहन चालकों के खिलाफ यातायात पुलिस ने सख्त कार्रवाई की है। पुलिस ने अभियान के दौरान जब्त किए गए 293 मॉडिफाइड साइलेंसर को रोड रोलर चलाकर नष्ट कर दिया। यह कार्रवाई पुलिस कंट्रोल रूम परिसर में उच्च अधिकारियों की मौजूदगी में की गई।
यातायात पुलिस ने शहर में वाहन चेकिंग अभियान के दौरान दोपहिया वाहनों में लगे मॉडिफाइड साइलेंसर जब्त किए थे। इन साइलेंसर से तेज आवाज के साथ पटाखों जैसी आवाज निकलती थी। खासकर बुलेट मोटरसाइकिलों में इनका इस्तेमाल किया जा रहा था।
पुलिस ने स्पष्ट किया कि मॉडिफाइड साइलेंसर का उपयोग ध्वनि प्रदूषण बढ़ाने के साथ आमजन, बुजुर्गों, बच्चों और मरीजों के लिए परेशानी का कारण बनता है। यातायात पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे अपने वाहनों में मॉडिफाइड साइलेंसर का उपयोग न करें और यातायात नियमों का पालन करते हुए सुरक्षित एवं जिम्मेदार यातायात व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें।
