महालक्ष्मी व्रत पर आस्था का उमड़ा सैलाब, विधि-विधान से हुई धन-धान्य की देवी की आराधना

मिट्टी के हाथी का पूजन कर महिलाओं ने मांगी परिवार की सुख-समृद्धि, घर-घर गूंजे माता के जयकारे

कटनी। महालक्ष्मी व्रत के पावन अवसर पर कटनी शहर सहित ग्रामीण अंचलों में श्रद्धा, आस्था और भक्ति का वातावरण देखने को मिला। महिलाओं एवं श्रद्धालु भक्तों ने पूरे विधि-विधान और पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ माता महालक्ष्मी का पूजन-अर्चन किया। सुबह से ही घरों में धार्मिक अनुष्ठानों का सिलसिला शुरू हो गया, वहीं माता के जयकारों से वातावरण भक्तिमय बना रहा।

व्रत के दौरान परंपरा के अनुसार मिट्टी के हाथी का विशेष श्रृंगार कर विधि-विधान से पूजन किया गया। व्रती महिलाओं ने धूप-दीप प्रज्ज्वलित कर माता को पुष्प, अक्षत, रोली, कुमकुम, फल एवं विभिन्न प्रकार के नैवेद्य अर्पित किए। श्रद्धालुओं ने महालक्ष्मी व्रत कथा का श्रवण कर माता की आराधना की और दीपदान किया।

महिलाओं ने माता महालक्ष्मी से अपने परिवार की सुख-शांति, समृद्धि, सौभाग्य, आरोग्य और मंगलमय जीवन की कामना की। पूजन के पश्चात श्रद्धालुओं ने विधिवत आरती की और माता से परिवार पर सदैव कृपा बनाए रखने की प्रार्थना की।

आरती के बाद श्रद्धालुओं में प्रसाद का वितरण किया गया। कटनी शहर के साथ-साथ उपनगरीय एवं ग्रामीण क्षेत्रों में भी महालक्ष्मी व्रत को लेकर खासा उत्साह नजर आया। घर-घर में महिलाओं ने पारंपरिक तरीके से पूजा-अर्चना कर इस पावन पर्व को श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया।