महापौर जनसुनवाई में सीधे सुनी जाएंगी शहरवासियों की समस्याएं, 17 नवंबर को निगम कार्यालय में लगेगा जनता का दरबार

सुबह 11 से दोपहर 1 बजे तक महापौर प्रीति संजीव सूरी करेंगी नागरिकों से सीधा संवाद, शिकायतों के निराकरण के लिए अधिकारियों को दिए जाएंगे निर्देश

कटनी। शहरवासियों की समस्याओं के समाधान और नगर निगम से जुड़ी शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने के उद्देश्य से मंगलवार, 17 नवंबर को नगर निगम कार्यालय में महापौर जनसुनवाई का आयोजन किया जाएगा। सुबह 11 बजे से दोपहर 1 बजे तक आयोजित इस जनसुनवाई में महापौर श्रीमती प्रीति संजीव सूरी स्वयं शहरवासियों की समस्याएं, शिकायतें और सुझाव सुनेंगी।

जनसुनवाई के दौरान नागरिक अपनी समस्याओं से संबंधित आवेदन सीधे महापौर के समक्ष प्रस्तुत कर सकेंगे। प्राप्त शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित विभागों के अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए जाएंगे, ताकि समस्याओं के निराकरण की प्रक्रिया तत्काल प्रारंभ हो सके।

महापौर श्रीमती प्रीति संजीव सूरी का कहना है कि नगर निगम का प्रयास है कि आम नागरिकों को अपनी छोटी-बड़ी समस्याओं के समाधान के लिए अलग-अलग शाखाओं के चक्कर न लगाने पड़ें। जनसुनवाई के माध्यम से नागरिकों को सीधे अपनी बात रखने का अवसर मिलेगा और एक ही मंच पर उनकी समस्याओं के समाधान की दिशा में प्रभावी पहल की जाएगी।

महापौर ने शहरवासियों से अपील की है कि वे मंगलवार को निर्धारित समय पर नगर निगम कार्यालय पहुंचकर अपनी शिकायतें एवं सुझाव लिखित आवेदन के साथ प्रस्तुत करें और इस जनहितकारी पहल का लाभ उठाएं।