*मनगवां पुलिस का बड़ा एक्शन: वांटेड NDPS आरोपियों की कुंडली तैयार, PIT एक्ट के तहत होगी कार्रवाई*
*रीवा / मनगवां।* थाना क्षेत्र में लंबे समय से फरार चल रहे और गंभीर अपराधों में वांछित आरोपियों पर मनगवां पुलिस ने शिकंजा कसना शुरू कर दिया है।
*IG-SP के निर्देशन में नशे के कारोबार पर वार* रीवा जोन के IG डॉ. गौरव राजपूत एवं SP डॉ. गुरकरन सिंह के निर्देशन में मनगवां पुलिस द्वारा गांजा तस्करी सहित नशे के कारोबार से जुड़े वांटेड आरोपियों के खिलाफ अभियान तेज कर दिया गया है। नई सूची में NDPS एक्ट, हत्या, हत्या के प्रयास और SC-ST एक्ट के गंभीर मामलों में फरार चल रहे आरोपी चिन्हित किए जा रहे हैं। साथ ही जो आरोपी जमानत पर बाहर आकर फिर से संदिग्ध गतिविधियों में लिप्त हैं, वे भी रडार पर हैं।
*डब्ल्यू जायसवाल के बाद मचा हड़कंप* मनगवां क्षेत्र में गांजा तस्करी से जुड़े संदीप जायसवाल उर्फ डब्ल्यू जायसवाल के खिलाफ हाल ही में की गई कार्रवाई के बाद नशे के कारोबार से जुड़े लोगों में हड़कंप मच गया है। कार्रवाई के बाद उसे पुलिस अभिरक्षा में केंद्रीय जेल भोपाल भेजा गया है। पुलिस अब उसके आर्थिक स्रोतों और संपत्तियों के रिकॉर्ड भी खंगाल रही है।
*भोला जायसवाल भी रडार पर* पुलिस सूत्रों के अनुसार हाल ही में जमानत पर जेल से बाहर आए भोला जायसवाल के खिलाफ भी PIT एक्ट के तहत कार्रवाई की तैयारी है। पुलिस उसकी वर्तमान गतिविधियों के साथ पुराने आपराधिक रिकॉर्ड की भी पड़ताल कर रही है।
*संपत्ति होगी राजसात, संभाग से बाहर भेजने की तैयारी* लंबे समय से फरार NDPS आरोपियों की चल-अचल संपत्तियों और आर्थिक स्रोतों का ब्यौरा जुटाया जा रहा है। कानून के प्रावधानों के तहत संपत्ति जब्ती अथवा राजसात की कार्रवाई पर भी काम किया जा रहा है। गंभीर और लगातार अपराध में लिप्त पाए जाने वाले व्यक्तियों के खिलाफ PIT एक्ट के तहत प्रस्ताव तैयार किए जा रहे हैं। स्वीकृति मिलने के बाद संबंधित आरोपियों को संभाग से बाहर रखने तथा केंद्रीय जेल भेजे जाने जैसी कार्रवाई की जा सकती है।
*थाना प्रभारी पुष्पेंद्र मिश्रा ने कहा -* > "नशे के कारोबार में शामिल वांटेड आरोपियों की कुंडली तैयार की जा रही है। जिनके खिलाफ NDPS के तहत अपराध दर्ज हैं और जो फरार चल रहे हैं, उनकी गिरफ्तारी के लिए अभियान तेज कर दिया गया है। ऐसे व्यक्ति जो जेल से जमानत पर बाहर आए हैं और इसके बावजूद अवैध गतिविधियों में संलिप्त पाए जा रहे हैं, उनकी भी जानकारी जुटाई जा रही है। इनकी कुंडली तैयार कर PIT अधिनियम के तहत कार्रवाई की तैयारी की जा रही है। साथ ही आरोपियों की संपत्तियों को राजसात किए जाने की कार्रवाई को लेकर भी काम चल रहा है।"
*- पुष्पेन्द्र मिश्रा, थाना प्रभारी, मनगवां* News 24 ×7 india Deepak Tiwari district reporter Rewa
