मेरठ की जिला जेल में बंद मुस्कान रस्तोगी और रविता करवाचौथ का व्रत रखेंगी। इसके लिए लाल चूड़ियां, बिंदी और श्रृंगार का सामान मांगा है। संजीवनी महिला संस्था ने उनकी मांग पर सामग्री उपलब्ध कराई है। हालांकि, दोनों व्रत रखेंगी या किसके लिए पूजा करेंगी, इसकी पुष्टि संस्था ने नहीं की है।

सोमवार को संजीवनी महिला संस्था की निशी जैन अपनी टीम के साथ जिला जेल पहुंचीं। टीम महिला बंदियों को करवाचौथ की पूजा के लिए मिट्टी के करवे और श्रृंगार का सामान देने गई थी। इस दौरान बंदियों से उनकी जरूरतें भी पूछी गईं। निशी जैन के मुताबिक, मुस्कान और रविता ने चूड़ी, बिंदी समेत श्रृंगार की सामग्री मांगी, जो उन्हें उपलब्ध कराई गई। उन्होंने स्पष्ट किया कि दोनों व्रत रखेंगी या किसके लिए पूजा करेंगी, इस बारे में उन्हें जानकारी नहीं है। इस विषय पर उनकी बंदियों से बातचीत भी नहीं हुई है!