मुकेश सेठ हमला कांड में बड़ा एक्शन: BJP नेता हर्ष पाण्डेय सहित 6 आरोपी पुलिस कस्टडी में, वारदात में प्रयुक्त ऑल्टो कार जब्त

कटनी | शहर के प्रतिष्ठित उद्योगपति मुकेश कुमार गुप्ता (सेठ) पर विश्राम बाबा क्षेत्र में हुए जानलेवा हमले के मामले में माधवनगर पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मामले के मुख्य नामजद आरोपी और बीजेपी नेता हर्ष पाण्डेय सहित 6 आरोपियों को दस्तयाब कर लिया है। इसके साथ ही वारदात में इस्तेमाल की गई एक ऑल्टो कार भी पुलिस ने बरामद की है। बाकी फरार आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है।

बीजेपी नेता हर्ष पाण्डेय गिरफ्तार, अस्पताल में भर्ती माधवनगर पुलिस द्वारा जारी आधिकारिक प्रेस नोट के अनुसार, एफआईआर दर्ज होने के बाद पुलिस टीमों ने आरोपियों की पतारसी तेज कर दी थी। इस दौरान मुख्य नामजद आरोपी हर्ष पाण्डेय को पुलिस ने कस्टडी में लिया। पूछताछ के दौरान उसने उद्योगपति पर हुए हमले में अपना जुर्म स्वीकार कर लिया है। हालांकि, कस्टडी में लेने के बाद आरोपी हर्ष पाण्डेय अस्वस्थ प्रतीत हो रहा था, जिसे देखते हुए पुलिस ने उसे तत्काल शासकीय जिला अस्पताल कटनी में भर्ती कराया। डॉक्टर की सलाह पर उसे अस्पताल में एडमिट कर लिया गया है, जहां उसकी सुरक्षा में पुलिस बल तैनात किया गया है। अस्पताल से डिस्चार्ज होते ही पुलिस उसे कोर्ट में पेश कर अग्रिम कानूनी कार्रवाई करेगी।

हमले में शामिल कुठला क्षेत्र के 5 अन्य आरोपी भी दबोचे गए पुलिस टीम ने घटना में शामिल भीड़ और अन्य आरोपियों की धरपकड़ के लिए चलाए गए सर्च ऑपरेशन के दौरान कुठला क्षेत्र से 5 अन्य आरोपियों को दस्तयाब किया है। इन सभी ने पूछताछ में उद्योगपति मुकेश सेठ और उनके भाई पर लाठी-डंडों से हमला करने और कट्टा दिखाकर जान से मारने की धमकी देने की बात कबूल की है।

गिरफ्तार किए गए आरोपियों की सूची:  नीलेश विश्वकर्मा (पिता श्यामलाल विश्वकर्मा), निवासी गली नं. 02, इंद्रानगर, थाना कुठला। चाहत सोनी (18 वर्ष, पिता सुशील सोनी), निवासी गली नं. 03, इंद्रानगर, थाना कुठला।  मनोज कुशवाहा (25 वर्ष, पिता अजीत कुशवाहा), निवासी चक्कीघाट रोड, थाना कुठला (यह मुख्य एफआईआर में भी नामजद था)।  विकास गुप्ता (25 वर्ष, पिता आशीष गुप्ता), निवासी गल्लामण्डी, पहरूआ, थाना कुठला।  सुधाकर गौतम (30 वर्ष, पिता संतोष गौतम), निवासी पुरैनी (थाना कुठला के पीछे)। पुलिस ने इन सभी आरोपियों को उनकी गिरफ्तारी के कारणों से विधिवत अवगत कराते हुए अरेस्ट कर लिया है और इसकी सूचना उनके परिजनों को दे दी गई है।

कट्टा दिखाकर दी थी धमकी, आरोपी सुधाकर से ऑल्टो कार जब्त पुलिस विवेचना में यह तथ्य सामने आया है कि 5 जुलाई को हुए इस खूनी संघर्ष में आरोपी रमेश शुक्ला, यज्ञवल शुक्ला, कोका शुक्ला और हर्ष पाण्डेय सहित 35 लोगों की भीड़ ने एकराय होकर प्रार्थी मुकेश गुप्ता, उनके भाई और उनके वाहन चालक को घेर लिया था। आरोपियों ने न केवल लाठी-डंडों से बेरहमी से मारपीट की, बल्कि कट्टा (अवैध हथियार) दिखाकर जान से मारने की सीधे शब्दों में धमकी भी दी थी। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी सुधाकर गौतम के कब्जे से घटना में प्रयुक्त की गई ऑल्टो कार (क्रमांक MP 21 CC 4332) को बरामद कर अपने कब्जे में ले लिया है।

शेष रसूखदार आरोपी फरार, तलाश तेज: इस मामले में 6 आरोपियों पर शिकंजा कसने के बाद अब पुलिस की मुख्य नजर एफआईआर में नामजद अन्य रसूखदार बीजेपी नेताओं—रमेश शुक्ला, यज्ञवल शुक्ला, कोका शुक्ला और मनु परौहा पर है। माधवनगर पुलिस का कहना है कि वारदात में शामिल अन्य सभी 30-35 आरोपियों की पतारसी के लिए मुखबिरों को सक्रिय कर दिया गया है और जल्द ही बाकी चेहरे भी सलाखों के पीछे होंगे।