26/11 मुंबई @ 18 : आतंक के विरुद्ध भारत का रूपांतरण....
मुंबई आतंकी हमलों की 18वीं बरसी पर पाकिस्तान प्रायोजित आतंकवाद, उभरते हाइब्रिड युद्ध की चुनौतियों और भारत की बदली हुई जवाबी क्षमताओं का विश्लेषण।
कर्नल (डॉ.) देव आनंद सिंह लोहामरोड़ सुरक्षा एवं अंतरराष्ट्रीय संबंधों के अध्येता
26 नवंबर 2008 को मुंबई पर हुआ आतंकी हमला केवल भारत की आर्थिक राजधानी पर हमला नहीं था, बल्कि देश की संप्रभुता और सुरक्षा व्यवस्था को चुनौती देने का सुनियोजित प्रयास था। समुद्री रास्ते से आए पाकिस्तान प्रायोजित दस आतंकवादियों ने लगभग 60 घंटे तक मुंबई को बंधक बनाए रखा। ताज होटल, ओबेरॉय ट्राइडेंट, छत्रपति शिवाजी टर्मिनस और नरीमन हाउस सहित विभिन्न स्थानों पर हुए हमलों में 166 निर्दोष लोगों की जान गई। महाराष्ट्र पुलिस, राष्ट्रीय सुरक्षा गार्ड (एनएसजी) और अन्य सुरक्षा एजेंसियों के जवानों ने अदम्य साहस का परिचय दिया। अठारह वर्ष बाद यह केवल शहीदों को श्रद्धांजलि देने का अवसर नहीं, बल्कि 2008 और आज के भारत की सुरक्षा क्षमताओं में आए परिवर्तन का आकलन करने का भी समय है।
पाकिस्तान द्वारा भारत के विरुद्ध आतंकवाद को रणनीतिक हथियार के रूप में इस्तेमाल करना कोई नई बात नहीं है। इसकी शुरुआत 1947 में विभाजन के तुरंत बाद हुई, जब कबायली हमलावरों और सशस्त्र तत्वों को जम्मू-कश्मीर में भेजकर हिंसा, लूटपाट और हत्याएं कराई गईं। 1965 में ऑपरेशन जिब्राल्टर के तहत स्थानीय नागरिकों के भेष में प्रशिक्षित घुसपैठियों को भेजकर विद्रोह भड़काने का प्रयास किया गया। 1999 में कारगिल की पहाड़ियों पर पाकिस्तानी सैनिकों ने अपनी पहचान छिपाकर घुसपैठ की। इसके बाद भी आतंकवादी संगठनों के माध्यम से छद्म युद्ध जारी रहा। 22 अप्रैल 2025 को पहलगाम में निर्दोष नागरिकों की धर्म पूछकर की गई हत्या इसी रणनीति का नया उदाहरण थी। पाकिस्तान की 'थाउजेंड कट्स' अर्थात हजार घाव देकर भारत को कमजोर करने की नीति का उद्देश्य प्रत्यक्ष युद्ध से बचते हुए देश को आतंकवाद और आंतरिक अस्थिरता में उलझाए रखना है। पंजाब से लेकर जम्मू-कश्मीर और देश के अन्य हिस्सों तक घुसपैठ, आतंकवादी नेटवर्क, हथियारों की आपूर्ति और वित्तीय सहायता इसी रणनीति के हिस्से रहे हैं।
पिछले कुछ वर्षों में जम्मू-कश्मीर का सुरक्षा परिदृश्य उल्लेखनीय रूप से बदला है। आतंकवादी संगठनों के स्थानीय भर्ती नेटवर्क पर दबाव बढ़ा है, उनके मददगारों और ओवरग्राउंड वर्कर्स के विरुद्ध कार्रवाई तेज हुई है तथा खुफिया सूचनाओं पर आधारित संयुक्त अभियान अधिक प्रभावी हुए हैं। नवंबर 2026 में कुलगाम में लश्कर-ए-तैयबा के कमांडर मोहम्मद लतीफ भट के मारे जाने के बाद घाटी में कोई सूचीबद्ध सक्रिय स्थानीय आतंकवादी शेष नहीं रहने की खबर सामने आई। यह महत्वपूर्ण उपलब्धि है, हालांकि विदेशी आतंकवादियों, घुसपैठ और कट्टरपंथी नेटवर्क का खतरा समाप्त नहीं हुआ है। अनुच्छेद 370 के निरस्तीकरण के बाद प्रशासनिक और सुरक्षा समन्वय में भी बदलाव आया है। स्थायी शांति के लिए सुरक्षा के साथ विकास, रोजगार, लोकतांत्रिक भागीदारी और स्थानीय जनता का विश्वास भी आवश्यक है।
भारत की सीमा सुरक्षा व्यवस्था अब केवल पारंपरिक बाड़बंदी और जवानों की गश्त पर निर्भर नहीं है। आधुनिक रडार, थर्मल इमेजर, रात्रि निगरानी उपकरण, सीसीटीवी, सेंसर, उपग्रह निगरानी और मानवरहित हवाई प्रणालियों का उपयोग बढ़ा है। संवेदनशील क्षेत्रों में बाड़बंदी का विस्तार हुआ है, हालांकि भौगोलिक परिस्थितियों के कारण पूरी सीमा पर इसकी स्थिति समान नहीं है। तकनीक, खुफिया सूचनाओं और प्रशिक्षित सुरक्षा बलों के संयुक्त उपयोग ने घुसपैठ रोकने की क्षमता को मजबूत किया है।
भारत की बदली हुई जवाबी रणनीति का सबसे स्पष्ट उदाहरण ऑपरेशन सिंदूर है। पहलगाम हमले के बाद 7 मई 2025 को भारत ने पाकिस्तान और पाकिस्तान के कब्जे वाले जम्मू-कश्मीर में नौ आतंकवादी ठिकानों को निशाना बनाया। इस कार्रवाई ने प्रदर्शित किया कि भारत आतंकवाद को समर्थन देने वाले ढांचे के विरुद्ध लक्षित सैन्य कार्रवाई करने की इच्छाशक्ति और क्षमता रखता है। आधुनिक हथियार प्रणालियों, सटीक खुफिया जानकारी, वायु रक्षा और सैन्य समन्वय ने भारत की जवाबी शक्ति को प्रदर्शित किया। दूसरी ओर, सुरक्षा अभियानों, आत्मसमर्पण एवं पुनर्वास और विकास योजनाओं के माध्यम से वामपंथी उग्रवाद के विरुद्ध भी उल्लेखनीय प्रगति हुई है। गृह मंत्रालय के अनुसार, 31 मार्च 2026 तक वामपंथी उग्रवाद प्रभावित जिलों की संख्या शून्य हो गई थी। यह आंतरिक सुरक्षा के क्षेत्र में बड़ी उपलब्धि है।
हालांकि, आतंकवाद समाप्त नहीं हुआ है, बल्कि उसका स्वरूप बदल रहा है। हाइब्रिड आतंकवाद में सामान्य नागरिकों के बीच छिपे लोग आतंकवादी संगठनों को खुफिया जानकारी, हथियार, वित्तीय सहायता और सुरक्षित ठिकाने उपलब्ध कराते हैं। रेलवे, पुलों, संचार नेटवर्क और अन्य महत्वपूर्ण राष्ट्रीय परिसंपत्तियों को निशाना बनाने के प्रयास इसी बदलती चुनौती को दर्शाते हैं। नवंबर 2026 में राजस्थान के श्रीगंगानगर क्षेत्र में रेलवे ट्रैक पर हुए संदिग्ध विस्फोट और जांच में सामने आए कथित पाकिस्तानी संपर्कों का पहलू भी सतर्कता की आवश्यकता बताता है। अब सुरक्षा एजेंसियों को सीमा पार के आतंकवादियों के साथ देश के भीतर सक्रिय उनके मददगारों की पहचान भी करनी होगी।
इस संदर्भ में 'अर्बन नक्सल' की बहस भी महत्वपूर्ण है। शहरी क्षेत्रों में माओवादी हिंसा और प्रतिबंधित संगठनों के नेटवर्क को समर्थन देने वाली गतिविधियों पर निगरानी आवश्यक है। हालांकि, लोकतंत्र में असहमति, आलोचना और वैचारिक स्वतंत्रता को अपराध नहीं माना जा सकता। हिंसा, आतंकवादी गतिविधियों में सहायता, हथियारों और धन की आपूर्ति तथा संगठित षड्यंत्र के विरुद्ध कानून के अनुसार कठोर कार्रवाई होनी चाहिए। राष्ट्रीय सुरक्षा और लोकतांत्रिक स्वतंत्रता के बीच संतुलन बनाए रखना भी आवश्यक है।
भविष्य की चुनौतियों में साइबर आतंकवाद, ड्रोन और डिजिटल दुष्प्रचार प्रमुख हैं। आतंकवादी संगठन सोशल मीडिया, एन्क्रिप्टेड संचार, डिजिटल भुगतान और कृत्रिम बुद्धिमत्ता का उपयोग भर्ती, प्रचार और हमलों की योजना बनाने में कर सकते हैं। बिजली ग्रिड, बैंकिंग, रेलवे, विमानन और दूरसंचार नेटवर्क पर साइबर हमले महत्वपूर्ण राष्ट्रीय ढांचे को बाधित कर सकते हैं। CERT-In के अनुसार, वर्ष 2025 में भारत में 29,44,248 साइबर सुरक्षा संबंधी घटनाएं दर्ज की गईं। ये सभी प्रकार की साइबर घटनाएं हैं, केवल आतंकवादी हमले नहीं, लेकिन डिजिटल सुरक्षा के बढ़ते महत्व को दर्शाती हैं। दूसरी ओर, सीमा पार से हथियारों और मादक पदार्थों की तस्करी में इस्तेमाल होने वाले ड्रोन का उपयोग निगरानी और लक्षित हमलों के लिए भी किया जा सकता है। इसलिए ड्रोन रोधी प्रणालियों, साइबर रक्षा और आधुनिक निगरानी तकनीकों को मजबूत करना अनिवार्य है।
मुंबई हमलों के बाद भारत ने राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) का गठन किया, राष्ट्रीय सुरक्षा गार्ड के क्षेत्रीय केंद्रों का विस्तार किया, तटीय सुरक्षा मजबूत बनाई, समुद्री निगरानी बढ़ाई और खुफिया सूचनाओं के आदान-प्रदान की व्यवस्था बेहतर की। फरवरी 2026 में घोषित राष्ट्रीय आतंकवाद विरोधी नीति 'प्रहार' भी आतंकवाद की रोकथाम, खुफिया समन्वय, त्वरित प्रतिक्रिया और आतंकवादी वित्तपोषण पर अंकुश लगाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
26/11 की 18वीं बरसी हमें याद दिलाती है कि आतंकवाद के विरुद्ध संघर्ष निरंतर सतर्कता और दृढ़ संकल्प की मांग करता है। भारत ने अपनी सैन्य, खुफिया और सुरक्षा क्षमताओं को मजबूत किया है, लेकिन हाइब्रिड युद्ध, साइबर हमलों और ड्रोन आतंकवाद जैसी नई चुनौतियों के प्रति सजग रहना होगा। इसके साथ ही, सैनिकों का मनोबल बनाए रखना भी राष्ट्रीय सुरक्षा की उतनी ही महत्वपूर्ण आवश्यकता है। अग्निवीरों और शॉर्ट सर्विस कमीशन अधिकारियों की सेवा अवधि पूरी होने के बाद उनके भविष्य को सुरक्षित करने के लिए 60 वर्ष की आयु तक सरकारी रोजगार के अवसर सुनिश्चित करने हेतु एक ठोस कानूनी व्यवस्था विकसित की जानी चाहिए। मुंबई के शहीदों को सच्ची श्रद्धांजलि यही होगी कि हम एक सुरक्षित, सशक्त और एकजुट भारत का निर्माण करें। 2008 का भारत बदल चुका है; आज का भारत आतंकवाद को चुनौती देने और उसकी जड़ों पर निर्णायक प्रहार करने में सक्षम है।
