नगर निगम कर्मचारियों का 10 सूत्रीय मांग पत्र, स्थायीकरण से लेकर वेतन वृद्धि तक उठाई आवाज, महापौर-अध्यक्ष-आयुक्त को सौंपा ज्ञापन
कटनी। नगर निगम के कर्मचारियों की लंबित समस्याओं और अधिकारों को लेकर मध्यप्रदेश नगर निगम, नगर पालिका कर्मचारी संघ ने मोर्चा खोल दिया है। संघ की कटनी इकाई ने बुधवार, 18 नवंबर 2026 को महापौर, अध्यक्ष एवं नगर निगम आयुक्त के नाम 10 सूत्रीय मांग पत्र सौंपकर कर्मचारियों की वर्षों से लंबित मांगों का शीघ्र निराकरण करने की मांग उठाई है। संघ ने स्पष्ट किया है कि कर्मचारियों की न्यायोचित मांगों पर जल्द निर्णय नहीं होने से कर्मचारियों में असंतोष बढ़ रहा है।
संघ द्वारा सौंपे गए मांग पत्र में सबसे प्रमुख मांग पूर्व से कार्यरत फिक्स वेतन और दैनिक वेतन कर्मचारियों को स्थायी कर्मचारी (विनियमित कर्मी) योजना का लाभ देने की है। संघ का कहना है कि प्रदेश के अन्य नगर निगमों में इस तरह की योजना का लाभ दिया गया है। इंदौर नगर निगम में मेयर-इन-काउंसिल एवं परिषद द्वारा लिए गए निर्णय की छायाप्रति का हवाला देते हुए कटनी में भी इसी तर्ज पर कर्मचारियों को लाभ देने की मांग की गई है।
ये हैं कर्मचारियों की 10 प्रमुख मांगें
1\. पूर्व से कार्यरत फिक्स वेतन एवं दैनिक वेतन श्रमिकों को स्थायी कर्मचारी (विनियमित कर्मी) योजना का लाभ दिया जाए।
2\. विनियमित कर्मचारियों को शेष रिक्त पदों पर नियमित किया जाए।
3\. आउटसोर्स कर्मचारियों की भर्ती पर रोक लगाई जाए। भर्ती में स्थानीय लोगों को प्राथमिकता देते हुए आदर्श कार्मिक संरचना का पालन किया जाए।
4\. नगर निगम में अनावश्यक खर्चों पर रोक लगाई जाए, जिससे निगम की वित्तीय स्थिति मजबूत हो सके।
5\. सेवानिवृत्त कर्मचारियों के बकाया स्वत्वों का भुगतान अतिशीघ्र किया जाए।
6\. शेष बचे समस्त दैनिक वेतन एवं आउटसोर्स श्रमिकों को फिक्स वेतन का लाभ दिया जाए।
7\. प्रत्येक त्रैमासिक कर्मचारी परामर्शदात्री समिति की बैठक आयोजित की जाए।
8\. कर्मचारी संघ का कार्यालय बनाने के लिए नगर निगम परिसर में स्थान उपलब्ध कराया जाए।
9\. परिवार कल्याण के प्रकरणों का शीघ्र निराकरण किया जाए।
10\. नगर निगम में फिक्स वेतन, दैनिक वेतन एवं आउटसोर्स पर कार्यरत कर्मचारियों को उनकी योग्यता के अनुरूप उच्च कुशल एवं कुशल श्रेणी का वेतन लाभ दिया जाए।
बैठक की कार्यवाही नहीं मिलने पर संघ ने जताई नाराजगी
ज्ञापन में संघ ने यह भी उल्लेख किया है कि विगत माह तत्कालीन नगर निगम आयुक्त द्वारा कर्मचारी परामर्शदात्री समिति की बैठक आयोजित की गई थी। बैठक में कर्मचारियों की न्यायोचित मांगों पर चर्चा हुई थी, लेकिन 18 नवंबर तक संघ को बैठक की कार्यवाही का विवरण उपलब्ध नहीं कराया गया। इसे लेकर कर्मचारियों में असंतोष व्याप्त होने की बात कही गई है।
संघ ने महापौर, अध्यक्ष एवं आयुक्त से मांग की है कि कर्मचारियों की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए सभी 10 मांगों पर सकारात्मक निर्णय लिया जाए। अब देखना होगा कि नगर निगम प्रबंधन कर्मचारियों की इन मांगों पर कितनी जल्दी कार्रवाई करता है और वर्षों से लंबित समस्याओं का समाधान कब तक हो पाता है।
कटनी से संदीप शर्मा की खास रिपोर्ट
