संवाददाता राहुल राठौड़ दिनांक 12 नवंबर 2026
*नर्मदा परियोजना के लोकार्पण के 20 दिन बाद भी किसानों के खेतों तक नहीं पहुंचा पानी, विधायक प्रताप ग्रेवाल ने सरकार को दी 8 दिन की मोहलत*
*सभी 66 गांवों में सिंचाई के लिए पानी पहुंचाने की मांग, प्रमुख सचिव को लिखा पत्र*
नर्मदा माइक्रो उद्वहन सिंचाई परियोजना के अंतर्गत सरदारपुर क्षेत्र के सभी 66 ग्रामों में किसानों के खेतों तक नर्मदा जल नहीं पहुंचने को लेकर विधायक प्रताप ग्रेवाल ने कड़ी नाराजगी जताते हुए गुरूवार को नर्मदा घाटी विकास विभाग के प्रमुख सचिव, जिला कलेक्टर धार को पत्र लिखकर तत्काल जलप्रदाय शुरू करने की मांग की है। विधायक ग्रेवाल द्वारा लिखे गए पत्र में उल्लेख किया गया है कि सरदारपुर, झाबुआ, पेटलावद एवं थांदला क्षेत्र की नर्मदा माइक्रो सिंचाई परियोजना के अपूर्ण कार्यों का लोकार्पण 24 अक्टूबर 2026 को नर्मदा घाटी विकास विभाग द्वारा मुख्यमंत्री डाॅ. मोहन यादव से सरदारपुर में करवाया गया था। लेकिन लोकार्पण के 20 दिन बाद भी सरदारपुर क्षेत्र के सभी 66 ग्रामों में किसानों के खेतों तक नर्मदा का पानी नहीं पहुंच पाया है। विधायक ग्रेवाल ने बताया कि 2 नवंबर 2026 को सरदारपुर में आयोजित समीक्षा बैठक में अधिकारियों द्वारा आश्वस्त किया गया था कि आगामी 8 दिनों में सरदारपुर विधानसभा क्षेत्र के योजना में शामिल सभी 66 ग्रामों में जलप्रदाय शुरू कर दिया जाएगा। लेकिन समीक्षा बैठक के 10 दिन बाद भी अनेक गांवों में पानी नहीं पहुंचा है। वहीं पाइपलाइन में कई स्थानों पर लीकेज होने की शिकायतें भी सामने आ रही हैं। विधायक ने विभागीय अधिकारियों से मांग की है कि पाइपलाइन में हो रहे लीकेज को तत्काल दुरुस्त करवाया जाए। विधायक ग्रेवाल ने शासन-प्रशासन को चेतावनी देते हुए कहा कि किसानों को सिंचाई के लिए नर्मदा जल उपलब्ध करवाना सरकार और संबंधित विभाग की जिम्मेदारी है। यदि आगामी 8 दिनों में योजना में शामिल सभी 66 ग्रामों में जलप्रदाय सुनिश्चित नही किया गया तो प्रभावित ग्रामों के किसानों के साथ मिलकर आंदोलन किया जाएगा, जिसकी संपूर्ण जवाबदारी शासन-प्रशासन की होगी। यह जानकारी विधायक कार्यालय से विष्णु चौधरी द्वारा दी गई।
