निर्देशों की अवहेलना करने वाले मिशन चौक के दो मीट व्यवसायियों पर जुर्माने की कार्रवाई
बंद कराई गई दुकानें, दोबारा उल्लंघन पर वैधानिक कार्रवाई की दी चेतावनी
कटनी। अनंत चतुर्दशी पर्व के अवसर पर मांसाहारी पदार्थों के क्रय-विक्रय पर प्रतिबंध संबंधी शासन के निर्देशों का उल्लंघन करने की सूचना प्राप्त होने पर नगर निगम प्रशासन द्वारा मिशन चौक स्थित दो मीट व्यवसायियों के विरुद्ध जुर्माना एवं दुकान बंद कराने की कार्रवाई की गई।
प्राप्त सूचना के आधार पर निगम के स्वास्थ्य अधिकारी श्री संजय सोनी की मौजूदगी में दोनों दुकान संचालकों न्यू गोल्डन एग्ज एंड चिकन सेंटर तथा इंडियन एग्ज एंड चिकन सेंटर के संचालकों पर एक-एक हजार रुपये का जुर्माना अधिरोपित किया गया तथा उनकी दुकानें बंद कराई गईं।
कार्रवाई के दौरान संबंधित व्यवसायियों को शासन के निर्देशों एवं निर्धारित नियमों का पालन सुनिश्चित करने की हिदायत देते हुए स्पष्ट किया गया कि भविष्य में पुनः उल्लंघन पाए जाने पर उनके विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई प्रस्तावित की जाएगी।
