पानी से लेकर फीस तक... कॉमर्स कॉलेज की समस्याओं पर गरजा खेल प्रकोष्ठ एवं NSUI

कोटा | राजस्थान | रिपोर्ट - निश्चल शर्मा

राजकीय कॉमर्स कॉलेज में विद्यार्थियों से जुड़ी विभिन्न समस्याओं के समाधान की मांग को लेकर कांग्रेस खेल प्रकोष्ठ के जिला अध्यक्ष सौरभ मीणा के नेतृत्व में प्रदर्शन किया गया। इस दौरान कॉलेज प्राचार्य के समक्ष विद्यार्थियों की समस्याएं रखते हुए उनके शीघ्र समाधान की मांग की गई।

प्रदर्शन के दौरान स्पोर्ट्स सुविधाओं में सुधार एवं खेल सामग्री उपलब्ध कराने, कॉलेज में साफ एवं ठंडे पानी की पर्याप्त व्यवस्था तथा वाटर कूलर की नियमित देखरेख, ऑडिटोरियम को विद्यार्थियों के कार्यक्रमों के लिए उचित रूप से उपलब्ध कराने, बॉयज वॉशरूम की साफ-सफाई एवं आवश्यक सुविधाओं की व्यवस्था सहित अन्य मांगें रखी गईं।

इसके साथ ही BBA फीस से संबंधित स्पष्ट एवं पूर्ण विवरण विद्यार्थियों को उपलब्ध कराने तथा फीस में शामिल विभिन्न शुल्कों की जानकारी सार्वजनिक करने की मांग भी की गई। प्रदर्शन के बाद प्रतिनिधिमंडल ने प्राचार्य को ज्ञापन सौंपते हुए विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक एवं बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग की।

इस दौरान NSUI शहर जिला अध्यक्ष मोहित वाल्मीकि, देहात जिला अध्यक्ष रिद्धम शर्मा, अवनीश शर्मा, यश गौतम सहित अन्य कार्यकर्ता एवं विद्यार्थी मौजूद रहे।