*चौपरा में खेत पर बेर के पेड़ से लटका मिला 28 वर्षीय युवक का शव, पुलिस जांच में जुटी*
*लोकेशन शाहनगर*
पन्ना जिले के शाहनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम चौपरा में मंगलवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब खेत में एक बेर के पेड़ पर 28 वर्षीय युवक का शव फांसी के फंदे से लटका हुआ मिला। घटना की जानकारी मिलते ही क्षेत्र में चर्चा का माहौल बन गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान विष्णु सिंह, पिता कमलेश सिंह, उम्र लगभग 28 वर्ष, निवासी ग्राम चौपरा के रूप में हुई है। मंगलवार सुबह करीब 11 बजे खेत में बेर के पेड़ पर युवक का शव लटका हुआ दिखाई दिया। इसके बाद शाहनगर थाना पुलिस को घटना की सूचना दी गई।
बताया जा रहा है कि मृतक के भाई के अनुसार, विष्णु सिंह सुबह घर से खेत जाने की बात कहकर निकले थे। जब काफी समय बीत जाने के बाद भी वह घर वापस नहीं लौटे, तो परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की। इसी दौरान खेत में उनका शव मिलने की जानकारी सामने आई।
सूचना पर पहुंची शाहनगर थाना पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और पंचनामा कार्रवाई पूरी करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र शाहनगर भेजा। पोस्टमार्टम के बाद शाम करीब 5 बजे शव परिजनों को सौंप दिया गया है।
फिलहाल युवक की मौत के कारणों का खुलासा नहीं हो सका है। शाहनगर थाना पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस जांच और आवश्यक कार्रवाई के बाद ही घटना से जुड़े तथ्यों की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
*शाहनगर से जयप्रकाश सिंह की रिपोर्ट*
