कोटा | निश्चल शर्मा

अवैध चाकू एवं धारदार हथियारों के खिलाफ चलाए गए विशेष अभियान में पुलिस ने की प्रभावी कार्रवाई कोटा, 4 अक्टूबर। अवैध हथियारों एवं धारदार हथियारों के बढ़ते उपयोग पर प्रभावी अंकुश लगाने तथा चाकूबाजी जैसी आपराधिक घटनाओं की रोकथाम के उद्देश्य से कोटा शहर पुलिस द्वारा विशेष अभियान “OPERATION H.A.W.K. (HUNT AGAINST WEAPONS & KNIVES)” चलाया गया। अभियान के तहत आदतन अपराधियों एवं अवैध धारदार हथियार रखने, उनका उपयोग करने तथा उनसे संबंधित गतिविधियों में लिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की गई। श्रीमान महानिरीक्षक पुलिस, कोटा रेंज, कोटा श्री हरेन्द्र महावर की पहल पर तथा पुलिस अधीक्षक, जिला कोटा शहर श्रीमती तेजस्वनी गौतम के निर्देशन एवं नेतृत्व में यह विशेष अभियान दिनांक 02.10.2026 से प्रारंभ किया गया। अभियान का मुख्य उद्देश्य अवैध हथियारों, चाकू एवं अन्य धारदार हथियारों के निर्माण, विक्रय, परिवहन, भण्डारण एवं उपयोग पर प्रभावी रोक लगाना तथा ऐसे आपराधिक तत्वों के विरुद्ध त्वरित एवं कठोर कानूनी कार्रवाई करना रहा। अभियान के दौरान कोटा शहर पुलिस द्वारा विभिन्न थाना क्षेत्रों में विशेष निगरानी एवं धरपकड़ की कार्रवाई के लिए कुल 9 विशेष टीमों का गठन किया गया। इन टीमों द्वारा संदिग्ध व्यक्तियों की गतिविधियों पर नजर रखते हुए अवैध हथियार रखने वाले एवं आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध कार्रवाई की गई। पुलिस द्वारा चलाए गए इस विशेष अभियान के दौरान दिनांक 02.10.2026 को कुल 15 व्यक्तियों को अवैध धारदार हथियारों के साथ गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार आरोपियों के विरुद्ध संबंधित थाना क्षेत्रों में प्रकरण दर्ज कर नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की गई तथा उन्हें न्यायिक प्रक्रिया के तहत आगे भेजा गया। इसी क्रम में यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध भी प्रभावी कार्रवाई की गई। पुलिस द्वारा एम.वी. एक्ट की धारा 185 के तहत 2 कार्रवाई तथा एम.वी. एक्ट की धारा 207 के तहत 6 कार्रवाई की गई। इस दौरान कुल 8 वाहनों को जब्त किया गया। कोटा शहर पुलिस द्वारा चलाए जा रहे इस विशेष अभियान का उद्देश्य शहर में अवैध हथियारों की उपलब्धता एवं उनके उपयोग पर रोक लगाने के साथ-साथ चाकूबाजी, आपराधिक वारदातों तथा असामाजिक गतिविधियों में शामिल तत्वों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करना है। पुलिस द्वारा आगामी दिनों में भी ऐसे अपराधियों एवं अवैध हथियार रखने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध अभियान को निरंतर जारी रखते हुए सख्त कार्रवाई की जाएगी।