पटवारी सुरेंद्र श्रीवास्तव पर हमले के मामले में पुलिस का बड़ा एक्शन, 2 आरोपी गिरफ्तार; घटनास्थल तक निकाला जुलूस..

थाना प्रभारी हेमंत नायक की कार्रवाई से मचा हड़कंप..

अमानगंज। मध्य प्रदेश के पन्ना जिले के अमानगंज कस्बे में भाजपा के पूर्व मंडल अध्यक्ष सौरभ श्रीवास्तव के पिता एवं पटवारी सुरेंद्र श्रीवास्तव के साथ बेरहमी से मारपीट के मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों को करीब एक किलोमीटर तक ले जाकर घटनास्थल श्रीजी होटल तक जुलूस के रूप में पहुंचाया। जानकारी के अनुसार, श्रीजी होटल में रजिस्टर में एंट्री और निर्धारित किराया मांगने को लेकर विवाद शुरू हुआ था। आरोप है कि गाली-गलौज के बाद करीब आधा दर्जन युवकों ने सुरेंद्र श्रीवास्तव पर लाठी-डंडों से बेरहमी से हमला किया। मामले में पांच लोगों के खिलाफ नामजद प्रकरण दर्ज किया गया था। पुलिस ने विक्की बुंदेला निवासी ककरा और छोटा विक्की परमार निवासी पवैया को गिरफ्तार किया है। वहीं, आकाश भर्मूजा और राजा जी निवासी छतरपुर के फरार होने की जानकारी सामने आई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। उन आरोपियों को शीघ्र पकड़ने की जानकारी दी। अमानगंज थाना प्रभारी हेमंत नायक के नेतृत्व में पुलिस द्वारा की गई कार्रवाई चर्चा का विषय बनी हुई है। अपराधियों के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए पुलिस ने गिरफ्तारी के बाद आरोपियों को घटनास्थल तक ले जाकर कार्रवाई का संदेश दिया। थाना प्रभारी हेमंत नायक का स्पष्ट संदेश है कि अमानगंज थाना क्षेत्र में अपराध किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। पुलिस की कार्रवाई से यह संदेश देने का प्रयास किया गया है कि कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कदम उठाए जाएंगे।