“रन फॉर यूनिटी” सह सदभावना रैली निकालकर दिया राष्ट्रीय एकता का संदेश

जीडीए के अध्यक्ष श्री भदौरिया ने दिखाई हरी झण्डी, राष्ट्रीय एकता की शपथ भी दिलाई

ग्वालियर 31 अक्टूबर 2026/ राष्ट्रीय एकता दिवस 31 अक्टूबर को राज्य शासन के दिशा-निर्देशों के तहत ग्वालियर में “रन फॉर यूनिटी” सह सदभावना रैली निकालकर राष्ट्रीय एकता का संदेश दिया गया। लौह पुरुष सरदार वल्लभ भाई पटेल की जयंती पर “रन फॉर यूनिटी” को कम्पू स्थित खेल परिसर से ग्वालियर विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष श्री मधुसूदन सिंह भदौरिया ने हरी झण्डी दिखाकर रवाना किया। यह रैली कम्पू थाना, केआरजी कॉलेज, पद्मा विद्यालय, महावीर भवन, कम्पू चौराहा से कम्पू थाना होते हुए वापस जिला खेल परिसर पहुँची और यहीं पर इस रैली का समापन हुआ।

“रन फॉर यूनिटी” के आयोजन से पहले कम्पू खेल परिसर में ग्वालियर विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष श्री भदौरिया ने रैली में शामिल हुए खिलाड़ियों, विद्यार्थियों व नागरिकों को राष्ट्रीय एकता की शपथ दिलाई। सभी प्रतिभागियों ने राष्ट्र की एकता और अखण्डता बनाए रखने की शपथ ली। इस अवसर पर सरदार वल्लभ भाई पटेल की दूरदर्षिता और राष्ट्र निर्माण में उनके योगदान का स्मरण किया गया। सभी ने देश की आंतरिक सुरक्षा सुनिश्चित करने में अपना योगदान देने का संकल्प भी लिया।

इस अवसर पर जिला खेल और युवा कल्याण अधिकारी डॉ. अरविंद सिंह राणा, कम्पू खेल परिसर के प्रशिक्षक व कोच एवं खिलाड़ी मौजूद थे।