RTO के सामने ‘पैकारी’ का खेल! टोल नाके के पास खुलेआम बिक रही प्लेन-मसाला शराब, कुठला पुलिस की निगरानी पर सवाल

बिना लाइसेंस बिक्री के आरोप, शासकीय दुकान की शराब अवैध ठिकानों तक पहुंचने का भी दावा

कटनी। कुठला थाना क्षेत्र में कथित अवैध शराब की पैकारियों के संचालन को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं। आरोप है कि क्षेत्र में जगह-जगह बिना लाइसेंस शराब बिक्री का कारोबार चल रहा है और शासकीय शराब दुकान से लाई गई शराब को इन कथित अवैध पैकारियों के माध्यम से खपाया जा रहा है।

बताया जा रहा है कि कटनी RTO कार्यालय के सामने तथा टोल नाके के समीप प्लेन और मसाला शराब की खुलेआम बिक्री की जा रही है। यदि इन स्थानों पर बिना वैध लाइसेंस शराब बेची जा रही है, तो यह आबकारी विभाग के साथ-साथ स्थानीय पुलिस की निगरानी व्यवस्था पर भी गंभीर सवाल खड़े करता है।

सबसे बड़ा सवाल यह है कि कुठला थाना से कुछ ही दूरी पर कथित अवैध शराब बिक्री कैसे संचालित हो रही है? क्या जिम्मेदार अधिकारियों को इसकी जानकारी नहीं है या शिकायतों के बावजूद कार्रवाई नहीं हो रही? ग्रामीण और परिवहन क्षेत्र से जुड़े इलाकों में इस तरह की शराब उपलब्धता से नशे के कारोबार को बढ़ावा मिलने की आशंका भी जताई जा रही है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि शराब बिक्री वैध है तो संबंधित विक्रेता का लाइसेंस और अनुमति सार्वजनिक की जानी चाहिए, और यदि बिक्री अवैध है तो जिम्मेदारों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई होनी चाहिए।

अब देखना यह है कि RTO कार्यालय के सामने और टोल नाके के समीप शराब बिक्री के इन आरोपों की आबकारी विभाग और पुलिस कब जांच करती है और कार्रवाई किस स्तर तक पहुंचती है।