कोटा । निश्चल शर्मा

दादाबाड़ी थाना क्षेत्र स्थित राजस्थान तकनीकी विश्वविद्यालय (RTU) परिसर में एक छात्र की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के बाद छात्रों में आक्रोश फैल गया। जानकारी के अनुसार, देर रात छात्र की तबीयत बिगड़ गई थी। सुबह साथी छात्रों को घटना की जानकारी मिलने पर उन्होंने कॉलेज प्रशासन से छात्र को अस्पताल ले जाने के लिए वाहन उपलब्ध कराने की मांग की, लेकिन वाहन उपलब्ध नहीं कराया गया। इसके बाद छात्रों ने विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। देखते ही देखते बड़ी संख्या में छात्र RTU कैंपस के मुख्य गेट पर धरने पर बैठ गए। इस दौरान छात्रों और प्रशासन के बीच विवाद की स्थिति भी बनी। प्रदर्शन के दौरान दो बार लाठीचार्ज होने की बात सामने आई है। सूचना पर दादाबाड़ी थाना पुलिस सहित पुलिस प्रशासन मौके पर पहुंचा और स्थिति को नियंत्रित किया। छात्र के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद होने की संभावना है। बाद में छात्रों के प्रतिनिधिमंडल की विश्वविद्यालय के कुलपति (Vice Chancellor) के साथ वार्ता हुई। छात्रों ने अपनी विभिन्न मांगें प्रशासन के समक्ष रखीं। इनमें से कुछ मांगों को पूरा करने पर सहमति बनी, जबकि अन्य मांगों पर प्रशासन की ओर से आश्वासन दिया गया। प्रशासन के आश्वासन के बाद छात्रों ने सहमति जताते हुए धरना समाप्त कर दिया। मामले को लेकर पुलिस जांच जारी है।