किराना दुकान से हर माह 25 से 30 हजार रुपए की आय
ग्वालियर 10 अक्टूबर 2026/ नीलेश अब किसी के यहां नौकरी करने नहीं जाते बल्कि उनका खुद की अपनी दुकान है। अपनी मर्जी से अपना व्यवसाय कर खुशी-खुशी जीवन यापन कर रहा है। 25 से 30 हजार रुपए प्रतिमाह की आय भी नीलेश को हो रही है। नीलेश शाक्य को अपनी दुकान का मालिक बनने का अवसर मिला है डॉ. भीमराव अम्बेडकर योजना के माध्यम से। योजना की जानकारी मिलने पर नीलेश ने अधिकारियों से संपर्क किया और उसे एक लाख रुपए का ऋण प्राप्त हुआ। एक लाख रुपए की राशि से उसने स्वयं की किराना दुकान खोली और मेहनत से कार्य करने का सकारात्मक परिणाम आया। दुकान चल पड़ी और उसे अब प्रतिमाह ऋण की किस्त जमा करने के बाद 25 से 30 हजार रुपए की राशि प्राप्त हो रही है। मुख्यमंत्री जन-विश्वास शिविर कुलैथ में नीलेश शाक्य ने शासकीय योजनाओं के माध्यम से किस प्रकार लाभ प्राप्त किया है, इसकी जानकारी जिला कलेक्टर श्रीमती रुचिका चौहान एवं अतिथियों के समक्ष मंच पर आकर अपनी कहानी खुद ही बताई। उसने बताया कि 12वी तक की पढ़ाई करने के बाद नौकरी की तलाश करने के साथ-साथ स्वयं का रोजगार स्थापित करने का प्रयास भी कर रहे थे। डॉ. भीमराव अम्बेडकर योजना के संबंध में जब विभागीय अधिकारियों ने बताया तो उसने अपना ऋण आवेदन जमा किया और उसे इंडसइंड बैंक के माध्यम से एक लाख रुपए ऋण की राशि प्राप्त हुई। इसी राशि से उन्होंने अपनी स्वयं की दुकान स्थापित की और आज वे किसी की नौकरी नहीं बल्कि अपना खुद का व्यवसाय कर रहे हैं। कलेक्टर श्रीमती रुचिका चौहान ने नीलेश शाक्य को स्वयं का रोजगार स्थापित करने के लिये बधाई दी है। उन्होंने नीलेश से कहा है कि वे गाँव के अन्य युवाओं को भी शासन की योजनाओं और कार्यक्रमों के माध्यम से स्वयं का रोजगार स्थापित करने हेतु प्रेरित करें।
