शराब पीकर गाड़ी चलाने वालों पर कटनी यातायात पुलिस का शिकंजा, 3 वाहन जब्त; 16 चालान काटे

बिलहरी नाका सहित विभिन्न चेकिंग पॉइंटों पर चला सघन अभियान, ओवरलोडिंग और यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों पर भी कार्रवाई

कटनी। सड़क हादसों पर अंकुश लगाने और यातायात व्यवस्था को सुरक्षित बनाने के लिए कटनी यातायात पुलिस ने नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ सख्त रुख अपनाया है। रविवार को बिलहरी नाका सहित शहर के विभिन्न चेकिंग पॉइंटों पर सघन जांच अभियान चलाकर शराब पीकर वाहन चलाने वाले तीन चालकों के विरुद्ध मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 185 के तहत कार्रवाई करते हुए उनके वाहन जब्त किए गए। वहीं ओवरलोडिंग सहित अन्य यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों पर भी कार्रवाई की गई।

पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल मौर्य एवं डीएसपी मुख्यालय रत्नेश मिश्रा के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी यातायात निरीक्षक अनूप सिंह के नेतृत्व में यह अभियान संचालित किया गया।

इन तीन वाहन चालकों पर हुई ड्रिंक एंड ड्राइव की कार्रवाई

यातायात पुलिस की कार्रवाई में दिल्ली नंबर के वाहन DL-1-LR-9214 के चालक गजराज सिंह (52 वर्ष), वाहन MP-21-G-2776 के चालक सोनू कुशवाहा (30 वर्ष) तथा वाहन MP-13-ZH-4198 के चालक विकास कुमार यादव (26 वर्ष) को शराब का सेवन कर वाहन चलाते हुए पकड़ा गया। तीनों के विरुद्ध धारा 185 के तहत कार्रवाई कर वाहन जब्त किए गए।

इसके अलावा वाहन MP-21-G-2683 पर ओवरलोडिंग के मामले में कार्रवाई की गई।

16 अन्य चालकों पर भी गिरी कार्रवाई की गाज

यातायात पुलिस ने अव्यवस्थित पार्किंग, निर्धारित सीमा से अधिक ऊंचाई तक माल लादने, वाहनों पर नियमानुसार पंजीयन क्रमांक प्रदर्शित नहीं करने और सड़क पर यातायात बाधित करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध कुल 16 चालानी कार्रवाई भी की।

इस अभियान में थाना प्रभारी यातायात निरीक्षक अनूप सिंह, उप निरीक्षक शशिभूषण दुबे, सहायक उप निरीक्षक अशोक सिंह, प्रधान आरक्षक सुरेन्द्र सिंह, आरक्षक राजकुमार झारिया, अभिनव शुक्ला सहित यातायात पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

यातायात पुलिस की दो टूक अपील

कटनी यातायात पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि शराब पीकर वाहन न चलाएं, क्षमता से अधिक भार न लादें, निर्धारित स्थान पर ही पार्किंग करें और वाहन का पंजीयन क्रमांक स्पष्ट रूप से प्रदर्शित रखें। पुलिस ने स्पष्ट किया कि यातायात नियमों का पालन केवल चालानी कार्रवाई से बचने के लिए नहीं, बल्कि खुद की और दूसरों की जिंदगी सुरक्षित रखने के लिए जरूरी है।

पुलिस का संदेश है—नशे में ड्राइविंग छोड़ें, जिंदगी से नाता जोड़ें। सड़क पर अनुशासन अपनाएं और सुरक्षित घर पहुंचें।