मेला मैदान में वैदिक मंत्रोच्चार के साथ हुआ भूमि पूजन, ऋषभदेव जी महाराज की उपस्थिति में शिविर कार्यालय का भी उद्घाटन

ग्वालियर। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के शताब्दी वर्ष के अवसर पर मध्यभारत प्रांत में शताब्दी संकल्प शिविर की तैयारियां शुरू हो गई हैं। इसी क्रम में शुक्रवार को ग्वालियर के मेला मैदान में वैदिक मंत्रोच्चार एवं विधि-विधान के साथ शिविर का भूमि पूजन संपन्न हुआ। इस अवसर पर शिविर के लिए स्थापित कार्यालय का उद्घाटन भी किया गया।

कार्यक्रम में श्री ऋषभदेव जी महाराज लाल टिपारा, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के ग्वालियर विभाग सह संघचालक श्री रवि अग्रवाल, ग्वालियर जिला संघचालक श्री राजेन्द्र धुरेया, मध्य क्षेत्र कार्यकारिणी सदस्य श्री यशवंत इंदापुरकर, प्रांत प्रचारक श्री विमल गुप्ता एवं प्रांत सह कार्यवाह श्री विजय दीक्षित सहित अनेक प्रांतीय एवं विभागीय पदाधिकारी मौजूद रहे।

जानकारी के अनुसार शताब्दी संकल्प शिविर का आयोजन आगामी 4 से 6 दिसंबर 2026 तक ग्वालियर के मेला मैदान में किया जाएगा। इस तीन दिवसीय शिविर में मध्यभारत प्रांत के 3000 से अधिक दायित्ववान स्वयंसेवकों के शामिल होने की संभावना है।

शिविर की तैयारियों को लेकर संघ के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता व्यवस्थाओं में जुटे हुए हैं। भूमि पूजन के साथ ही आयोजन की औपचारिक तैयारियों को गति मिल गई है।

ग्वालियर में होने वाला यह आयोजन राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के शताब्दी वर्ष के कार्यक्रमों की दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। अब सभी की निगाहें दिसंबर में आयोजित होने वाले इस बड़े संकल्प शिविर पर टिकी हैं।