शीतलहर में बेसहारा लोगों को मिलेगा सुरक्षित आश्रय, निगमायुक्त के निर्देश पर रैन बसेरा की व्यवस्थाओं का निरीक्षण

बस स्टैंड स्थित रैन बसेरा में साफ-सफाई, पेयजल, रोशनी और गर्म कपड़ों की व्यवस्था परखी; ठहरे नागरिकों से भी लिया फीडबैक

कटनी। सर्दी और शीतलहर का प्रकोप बढ़ने के साथ ही जरूरतमंदों को राहत पहुंचाने के लिए नगर निगम प्रशासन सक्रिय हो गया है। शहर में कोई भी व्यक्ति खुले आसमान के नीचे ठिठुरते हुए रात बिताने को मजबूर न हो, इसके लिए रैन बसेरा की व्यवस्थाओं की लगातार निगरानी की जा रही है।

इसी क्रम में निगमायुक्त तपस्या परिहार के निर्देश पर राजस्व अधिकारी जागेश्वर प्रसाद पाठक ने मंगलवार की रात बस स्टैंड स्थित नगर निगम के रैन बसेरा का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने वहां उपलब्ध सुविधाओं का जायजा लेते हुए साफ-सफाई, पर्याप्त रोशनी, पेयजल, गर्म कपड़ों और रात्रि विश्राम के लिए जरूरी व्यवस्थाओं का बारीकी से परीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान राजस्व अधिकारी ने उपस्थिति रजिस्टर की जांच की और केयरटेकर से रैन बसेरा में ठहरने वाले लोगों की संख्या तथा उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने व्यवस्थाओं को बेहतर और सुचारु बनाए रखने के निर्देश देते हुए कहा कि यहां आने वाले प्रत्येक जरूरतमंद को सुरक्षित और सम्मानजनक वातावरण में ठहरने की सुविधा मिलनी चाहिए।

ठहरे नागरिकों से जाना व्यवस्थाओं का हाल

निरीक्षण के दौरान जागेश्वर प्रसाद पाठक ने रैन बसेरा में ठहरे रेपुरा निवासी सुखराजू बर्मन एवं रमता पटेल से बातचीत कर उपलब्ध सुविधाओं के संबंध में फीडबैक लिया। दोनों नागरिकों ने साफ-सफाई, पेयजल और अन्य व्यवस्थाओं पर संतोष जताते हुए बताया कि उन्हें रैन बसेरा में ठहरने के दौरान किसी प्रकार की परेशानी नहीं हुई। उन्होंने जरूरतमंदों के लिए नगर निगम की इस पहल की सराहना भी की।

शीतलहर में राहत पहुंचाना निगम की प्राथमिकता

नगर निगम प्रशासन का उद्देश्य है कि कड़ाके की ठंड और शीतलहर के दौरान गरीब, बेसहारा और रोजगार की तलाश में बाहर से आने वाले लोगों को सुरक्षित रात्रि आश्रय मिल सके। रैन बसेरा के माध्यम से ऐसे लोगों को खुले आसमान के नीचे रात गुजारने की मजबूरी से राहत मिल रही है। निगम प्रशासन ने व्यवस्थाओं को दुरुस्त रखने और जरूरतमंदों तक इस सुविधा का लाभ पहुंचाने के लिए निगरानी जारी रखी है।