सीएम हेल्पलाइन और योजनाओं के क्रियान्वयन में लापरवाही पर कलेक्टर सख्त, अधिकारियों पर होगी दण्डात्मक कार्रवाई

लंबित शिकायतों का सात दिन में करें निराकरण, लापरवाही पर वेतन रोकने और नोटिस जारी करने के निर्देश 22 से 24 नवम्बर तक चलेगा पल्स पोलियो अभियान, पांच वर्ष तक के सभी बच्चों को पिलाई जायेगी दवा

देवउठनी ग्यारस पर होने वाले सामूहिक विवाहों में बाल विवाह रोकने के लिए गठित होंगे विशेष दल

ग्वालियर 16 नवम्बर 2026/ सीएम हैल्पलाइन के प्रकरणों के निराकरण एवं शासकीय योजनाओं के क्रियान्वयन में उदासीनता पाए जाने पर कलेक्टर श्रीमती रुचिका चौहान ने जिला अधिकारियों के विरूद्ध दण्डात्मक कार्रवाई के आदेश दिए हैं। जिन अधिकारियों के कार्य में लापरवाही पाई गई है, उनके विरूद्ध कारण बताओ सूचना पत्र, वेतन रोकने तथा वरिष्ठ अधिकारियों को प्रस्ताव भेजने का निर्णय भी लिया गया है। सीएम हैल्पलाइन के प्रकरणों में किसी भी प्रकार की लापरवाही पाए जाने पर दण्डात्मक कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए गए हैं।

कलेक्टर श्रीमती चौहान ने अंतरविभागीय समन्वय समिति की बैठक में सीएम हैल्पलाइन में दर्ज प्रकरणों की समीक्षा के साथ-साथ शासकीय योजनाओं के क्रियान्वयन की भी विस्तार से समीक्षा की। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि सीएम हैल्पलाइन के प्रकरणों का निराकरण और शासकीय योजनाओं के क्रियान्वयन में लापरवाही किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जायेगी। सीएम हैल्पलाइन की समीक्षा के दौरान प्रकरणों के निराकरण और योजनाओं के क्रियान्वयन में आदिम जाति कल्याण विभाग के जिला अधिकारी के विरूद्ध प्रस्ताव संभागीय आयुक्त को भेजने और सहायक का सात दिन का वेतन रोकने के आदेश दिए हैं। इसके साथ ही सीएम हैल्पलाइन में प्राप्त शिकायतों में मुरार अस्पताल से डिस्चार्ज करते समय जन्म प्रमाण-पत्र प्रदान न करने संबंधी शिकायत एवं अन्य अनियमितताओं के दृष्टिगत सिविल सर्जन का सात दिन का वेतन रोकने और कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए हैं। इसके साथ ही टीकाकरण अभियान में लापरवाही पाए जाने पर टीकाकरण अधिकारी एवं योजनाओं के क्रियान्वयन में लापरवाही पाए जाने पर महिला एवं बाल विकास विभाग के अधिकारी को भी नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए हैं।

कलेक्टर श्रीमती रुचिका चौहान ने समीक्षा के दौरान स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि जिले की समस्त स्वास्थ्य संस्थायें जहां पर डिलेवरी होती है वहां पर शतप्रतिशत प्रकरणों में डिस्चार्ज से पूर्व जन्म प्रमाण-पत्र देना सुनिश्चित करें। किसी भी संस्था से जन्म प्रमाण पत्र न देने की शिकायत प्राप्त होने पर संबंधित के विरूद्ध दण्डात्मक कार्रवाई की जायेगी। उन्होंने सीएम हैल्पलाइन में दर्ज प्रकरणों की समीक्षा के दौरान 100 दिन से अधिक लंबित प्रकरणों की समीक्षा के दौरान अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि सात दिवस के अंदर सभी प्रकरणों का निराकरण सुनिश्चित करें। प्रकरणों के निराकरण में अगर किसी भी प्रकार की कोई परेशानी है तो उसका स्पष्ट उल्लेख किया जाए। संबंधित शिकायतकर्ता से भी अधिकारी चर्चा करें और उनका सकारात्मक निराकरण सुनिश्चित करें। छात्रवृत्ति के संबंध में दर्ज शिकायतों की समीक्षा के दौरान विभागीय अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि विद्यार्थियों की छात्रवृत्ति वितरण के मामले में विभागीय अधिकारी पूर्ण गंभीरता के साथ कार्य करें। किसी भी लापरवाही के कारण छात्र-छात्राओं की छात्रवृत्ति लंबित नहीं रहना चाहिए।

कलेक्टर श्रीमती चौहान ने राहत योजना के तहत जो प्रकरण लंबित हैं उनके निराकरण के संबंध में भी अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। पुलिस विभाग, राजस्व विभाग एवं संबंधित विभाग समन्वय स्थापित कर प्रकरणों का निराकरण तत्परता से सुनिश्चित करें ताकि पीड़ित परिवार को शासन की योजनाओं के अंतर्गत राहत राशि उपलब्ध कराई जा सके।