शस्त्र प्रशिक्षण से होता है व्यक्तित्व का विकास, एनसीसी युवाओं को बनाता है अनुशासित और राष्ट्रसेवा के लिए तैयार: ब्रिगेडियर सुजीत उपाध्याय
सिलिकोबाइट कॉलेज में चल रहे एनसीसी वार्षिक प्रशिक्षण शिविर का ग्रुप कमांडर ने किया निरीक्षण, कैडेट्स के प्रदर्शन की सराहना कर बढ़ाया उत्साह
कटनी। नेशनल कैडेट कोर (एनसीसी) की 32 एमपी बटालियन द्वारा सिलिकोबाइट कटनी डिग्री कॉलेज, रेड फोर्ट कैंपस में आयोजित वार्षिक प्रशिक्षण शिविर का एनसीसी सलामी ग्रुप कमांडर ब्रिगेडियर सुजीत उपाध्याय ने निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने कैडेट्स के प्रशिक्षण, अनुशासन, शारीरिक दक्षता और विभिन्न गतिविधियों का बारीकी से जायजा लिया तथा उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन की सराहना की।
शिविर में पहुंचने पर ब्रिगेडियर सुजीत उपाध्याय का स्वागत कैंप कमांडर कर्नल राजवेलु, कर्नल विनोद सिंह एवं सिलिकोबाइट के डायरेक्टर डॉ. पारस जैन ने सलामी ध्वज के साथ किया। कर्नल राजवेलु के निर्देशन में गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया।
निरीक्षण के दौरान ब्रिगेडियर उपाध्याय ने फायरिंग रेंज में कैडेट्स के पॉइंट टारगेट प्रदर्शन का अवलोकन किया। उन्होंने कहा कि एनसीसी शिविर में दिया जाने वाला शस्त्र प्रशिक्षण केवल सैन्य गतिविधियों तक सीमित नहीं है, बल्कि इससे युवाओं के व्यक्तित्व का विकास होता है। इस प्रशिक्षण से कैडेट्स में आत्मविश्वास, साहस, अनुशासन और नेतृत्व क्षमता विकसित होती है तथा वे भविष्य में राष्ट्रीय सैन्य सेवाओं के लिए तैयार होते हैं।
इस अवसर पर उन्होंने मार्च पास्ट, कैंप लेआउट, खेलकूद एवं सांस्कृतिक गतिविधियों का भी सूक्ष्म निरीक्षण किया। शिविर में ड्रिल, फायरिंग, शारीरिक प्रशिक्षण (पीटी) और आपदा प्रबंधन से जुड़े विशेष प्रशिक्षण सत्र आयोजित किए जा रहे हैं।
कर्नल विनोद सिंह की अगुवाई में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले कैडेट्स को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। ब्रिगेडियर उपाध्याय ने कैडेट्स के प्रशिक्षण और कार्यकुशलता की प्रशंसा करते हुए उन्हें राष्ट्रसेवा तथा देश की सैन्य सेवाओं में अपना योगदान देने के लिए प्रेरित किया।
उन्होंने कहा कि एनसीसी युवाओं में राष्ट्रप्रेम, नेतृत्व क्षमता, आत्मविश्वास और जिम्मेदारी की भावना विकसित करने का सशक्त माध्यम है। ऐसे प्रशिक्षण शिविर युवाओं को न केवल सैन्य गतिविधियों में दक्ष बनाते हैं, बल्कि उन्हें भविष्य में जिम्मेदार नागरिक और देशसेवा के प्रति समर्पित व्यक्तित्व बनने की प्रेरणा भी देते हैं।
शिविर में कैडेट्स ने पूरे उत्साह, अनुशासन और समर्पण के साथ प्रशिक्षण गतिविधियों में भाग लिया। वरिष्ठ सैन्य अधिकारियों के मार्गदर्शन और उपस्थिति से कैडेट्स में विशेष उत्साह देखने को मिला।
