आईसीयू, सीटी स्कैन व अल्ट्रासोनोग्राफी मशीनों का हुआ लोकार्पण

ऊर्जा मंत्री श्री तोमर ने अपनी माताश्री श्रीमती सुधा तोमर के कर कमलों से कराया लोकार्पण

स्व. देवेन्द्र सिंह तोमर की स्मृति में ऊर्जा मंत्री श्री तोमर साझा प्रयासों से करा रहे हैं अस्पताल में चिकित्सा सुविधाओं का विस्तार

सिविल अस्पताल में कैथ लैब स्थापना की घोषणा भी की

ग्वालियर 04 जनवरी 2025/ उप नगर ग्वालियर स्थित सिविल अस्पताल हजीरा में शनिवार को अत्याधुनिक स्वास्थ्य सेवाओं के बड़े-बड़े आयाम जुड़े हैं। जिसमें 32 स्लाईस सीटी स्कैन मशीन, अल्ट्रासोनोग्राफी मशीन एवं आधुनिक चिकित्सा सेवाओं से सुसज्जित आईसीयू (गहन चिकित्सा इकाई) शामिल है। ऊर्जा मंत्री श्री प्रद्युम्न सिंह तोमर की पहल पर इस अस्पताल का कायाकल्प हुआ है। उन्होंने अपने ज्येष्ठ भ्राता स्व. देवेन्द्र सिंह तोमर की स्मृति में साझा प्रयासों से सिविल अस्पताल हजीरा में यह स्वास्थ्य सेवाएँ उपलब्ध कराई हैं। आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के लिये यह अस्पताल सही मायने में मानव सेवा के मंदिर का रूप ले रहा है।

शनिवार को ऊर्जा मंत्री श्री तोमर ने अपनी माताश्री श्रीमती सुधा तोमर के कर कमलों से सिविल अस्पताल हजीरा में सीटी स्कैन व अल्ट्रा सोनोग्राफी मशीन एवं आईसीयू का शुभारंभ कराया। उन्होंने रिमोट का बटन दबाकर एवं मौके पर जाकर लोकार्पण व शुभारंभ किया। इस पुनीत अवसर पर पूरे जनवरी माह तक आयोजित होने जा रहे नि:शुल्क नेत्र शिविर एवं रक्तदान शिविर का शुभारंभ भी सिविल अस्पताल में हुआ। ऊर्जा मंत्री श्री तोमर ने कार्यक्रम में घोषणा की कि सभी के साझा प्रयासों से सिविल अस्पताल में कैथ लैब (हृदय रोग चिकित्सा इकाई) की स्थापना भी कराई जायेगी।

मानव सेवा के लिए समर्पित इन पुनीत क्षणों के साक्षी बनने का सुअवसर महापौर श्रीमती शोभा सिकरवार, नगर निगम सभापति श्री मनोज सिंह तोमर, पुलिस महानिरीक्षक श्री अरविंद सक्सेना, कलेक्टर श्रीमती रुचिका चौहान, पुलिस अधीक्षक श्री धर्मवीर सिंह, पॉवर ग्रिड कॉर्पोरेशन ऑफ इंडिया के वरिष्ठ उप महाप्रबंधक श्री ए के चौरसिया व उप महाप्रबंधक श्री अभिनव चौकसे, जिला पंचायत के सीईओ श्री विवेक कुमार, नगर निगम आयुक्त श्री अमन वैष्णव, क्षेत्रीय पार्षद श्रीमती अनीता रत्नाकर, सेवानिवृत सिविल सर्जन डॉ. एस के श्रीवास्तव, कैंसर चिकित्सालय व शोध संस्थान के प्रमुख डॉ. बी आर श्रीवास्तव एवं चेम्बर ऑफ कॉमर्स के अध्यक्ष डॉ. प्रवीण अग्रवाल सहित क्षेत्रीय जनप्रतिनिधिगण, समाजसेवी व गणमान्य नागरिकों को मिला।

अपनों को बीमारी से बचाने के लिये शहर को स्वच्छ बनाने का संकल्प लें – श्री तोमर

ऊर्जा मंत्री श्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने बड़े मार्मिक और प्रेरणादायी अंदाज में अपने उदबोधन की शुरूआत की। उन्होंने कहा कि आज हम आप सबसे कुछ मांगने आए हैं। हमारी आप सबसे याचना है कि अपने शहर को स्वच्छ व प्रदूषण मुक्त बनाने का संकल्प लें, जिससे हमारा कोई भी परिजन और मित्र गंदगी की वजह से फैलने वाली बीमारियों से ग्रसित न हो। हम शहर को इतना साफ-सुथरा रखें कि गंदगी की वजह से हमारे बच्चों के कंधों पर बस्ते की जगह ऑक्सीजन सिलेण्डर होने की नौबत न आए। श्री तोमर ने आह्वान किया कि शहर को साफ-सुथरा रखने में न केवल स्वयं योगदान दें अपितु दूसरों को भी प्रेरित करें। अगर हम साझा प्रयास करेंगे तो निश्चित ही हमारा शहर स्वच्छता में अव्वल बनेगा। उन्होंने अपना संकल्प दोहराते हुए कहा कि पहले चरण में पाताली हनुमान से कांचमिल तक ग्रीन कोरीडोर बनायेंगे।