स्टेशन चौराहे पर पार्किंग के नियमों की उड़ रही धज्जियां! ईश्वर कृपा कॉम्प्लेक्स की पार्किंग खाली, सड़क पर वाहनों का जमावड़ा; नगर निगम की निगरानी पर सवाल
कटनी। शहर के स्टेशन चौराहे पर यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाने के लिए नगर निगम द्वारा शुरू कराई गई पार्किंग व्यवस्था अब सवालों के घेरे में है। ईश्वर कृपा कॉम्प्लेक्स के नीचे बाकायदा पार्किंग की सुविधा उपलब्ध कराई गई, लेकिन इसके बावजूद दुकानदारों और ग्राहकों के दोपहिया वाहन सड़क पर ही खड़े नजर आ रहे हैं। ऐसे में नगर निगम की इस पहल का उद्देश्य पूरा होता दिखाई नहीं दे रहा है।
नगर निगम आयुक्त के निर्देश पर बड़े जोर-शोर से पार्किंग व्यवस्था शुरू कराई गई थी। उम्मीद थी कि इससे स्टेशन चौराहे पर लगने वाले जाम से राहत मिलेगी और मुख्य मार्ग पर वाहनों की आवाजाही आसान होगी। लेकिन हकीकत यह है कि निर्धारित पार्किंग स्थल का समुचित उपयोग नहीं हो रहा है। कई दुकानदार पार्किंग में वाहन खड़े करने के बजाय व्यस्त सड़क पर ही वाहन खड़े कर रहे हैं, जिससे यातायात प्रभावित हो रहा है।
अतिक्रमण विभाग की जिम्मेदारी पर उठे सवाल
सड़क पर अव्यवस्थित तरीके से खड़े वाहनों को हटवाना और पार्किंग नियमों का पालन कराना नगर निगम के संबंधित कर्मचारियों की जिम्मेदारी है। इसके बावजूद नियमित निगरानी और प्रभावी कार्रवाई नहीं होने की शिकायतें सामने आ रही हैं। सवाल यह है कि जब पार्किंग की सुविधा उपलब्ध है, तो फिर सड़क पर वाहन खड़े करने वालों पर कार्रवाई क्यों नहीं की जा रही?
पार्किंग स्थल के आसपास नशेड़ियों का जमावड़ा, गंदगी से परेशानी
स्थानीय लोगों के अनुसार पार्किंग स्थल के आसपास शराबियों और नशेड़ियों का जमावड़ा भी चिंता का विषय बना हुआ है। वहीं शराब दुकान के बाहर संचालित कथित चखना सेंटर के कारण कचरा और गंदगी फैलने की शिकायतें भी सामने आ रही हैं। इसके बावजूद संबंधित विभागों की ओर से ठोस कार्रवाई नहीं होने पर नागरिक सवाल उठा रहे हैं।
आयुक्त के निर्देशों का पालन कौन कराएगा?
नगर निगम आयुक्त तपस्या सिंह परिहार के निर्देश पर शुरू हुई पार्किंग व्यवस्था को प्रभावी बनाने के लिए अब नियमित निगरानी और सख्त कार्रवाई की जरूरत है। शहरवासियों का सवाल है कि आखिर कब दुकानदारों को निर्धारित पार्किंग में वाहन खड़े करने के लिए बाध्य किया जाएगा? कब अतिक्रमण विभाग अपनी जिम्मेदारी निभाएगा और कब स्टेशन चौराहे को अव्यवस्थित पार्किंग से राहत मिलेगी?
अब देखना होगा कि नगर निगम के जिम्मेदार अधिकारी इस समस्या को गंभीरता से लेते हुए क्या कदम उठाते हैं, या फिर लाखों की व्यवस्थाओं और प्रयासों के बावजूद स्टेशन चौराहे पर अव्यवस्था का सिलसिला जारी रहेगा।
