कोटा। आगामी चुनाव एवं त्योहारों के मद्देनजर कानून-व्यवस्था बनाए रखने और आमजन में सुरक्षा का विश्वास मजबूत करने के लिए पुलिस अधीक्षक सुजीत शंकर के नेतृत्व में सुल्तानपुर थाना क्षेत्र में फ्लैग मार्च निकाला गया।

इस दौरान पुलिस अधिकारियों एवं जवानों ने क्षेत्र में भ्रमण कर लोगों से शांतिपूर्ण माहौल बनाए रखने, चुनाव में निर्भीक होकर मतदान करने तथा अफवाहों से दूर रहने की अपील की। पुलिस ने आचार संहिता और कानून का पालन करने की भी हिदायत दी।

पुलिस ने स्पष्ट किया कि शांति व्यवस्था भंग करने और असामाजिक गतिविधियों में शामिल व्यक्तियों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी। कोटा ग्रामीण पुलिस ने निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण चुनाव संपन्न कराने के लिए सुरक्षा व्यवस्था मजबूत रखने की प्रतिबद्धता जताई।