निश्चल शर्मा | कोटा

बॉलीवुड अभिनेता टाइगर श्रॉफ के वाहन पर मुंबई में हुई फायरिंग के मामले में कोटा शहर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को कोटा रेलवे स्टेशन से दस्तयाब किया है। पुलिस अधीक्षक तेजस्विनी गौतम के निर्देशन में की गई इस कार्रवाई में एक नाबालिग भी शामिल है। पुलिस के अनुसार, तीनों आरोपी वारदात के बाद विदेश भागने की फिराक में थे।

घटना के बाद कोटा शहर पुलिस ने तकनीकी सूचनाओं और खुफिया जानकारी के आधार पर आरोपियों की तलाश शुरू की। पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए तीनों को कोटा रेलवे स्टेशन परिसर से दस्तयाब किया।

दस्तयाब आरोपियों में रेहान उर्फ सुखवा (18), निवासी ईदगाह कॉलोनी, सोनीपत (हरियाणा), ऋतिक उर्फ ऋषि (22), निवासी पिपराड़ी, जिला बेगूसराय (बिहार), हाल निवासी अंधेरी वेस्ट, मुंबई तथा एक नाबालिग शामिल है।

इस कार्रवाई में रेलवे कॉलोनी थाना, भीमगंजमंडी थाना, जिला विशेष टीम, साइबर सेल, एटीएस और एआरएफ कोटा की टीमों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। पुलिस ने प्रारंभिक पूछताछ के बाद आगे की वैधानिक कार्रवाई के लिए मुंबई पुलिस और संबंधित जांच एजेंसियों को सूचित किया है। मामले में आगे की जांच जारी है।