थाना भितरवार पुलिस की बदमाश के खिलाफ त्वरित कार्यवाही
*कोचिंग से लौटते समय छात्रा के साथ छेड़खानी करने वाले बाइक सवार आरोपी को भितरवार पुलिस ने किया गिरफ्तार*
ग्वालियर दिनांक 22.09.2026। *घटना का संक्षिप्त विवरणः*- दिनांक 21.09.2026 को फरियादिया रागिनी (परिवर्तित नाम), उम्र 16 वर्ष, निवासी भितरवार ने अपनी माँ के साथ थाना भितरवार में रिपोर्ट लेख कराई कि वह भितरवार में कोचिंग करती है तथा अपनी बुआ की लड़की के साथ किराये के मकान में रहती है। दिनांक 19.09.2026 को प्रातः करीब 10 बजे वह अपनी बुआ की लड़की के साथ कोचिंग से कमरे पर जा रही थी, तभी एसआईटीएम स्कूल के सामने युवराज रावत निवासी ग्राम लोधी, थाना बेलगढ़ा, अपने साथी योगेश रावत के साथ मोटरसाइकिल से आया और फरियादिया का रास्ता रोककर बुरी नीयत से उसका हाथ पकड़ लिया। योगेश रावत द्वारा उसे बचाने का प्रयास करने तथा फरियादिया की बहिन द्वारा युवराज को रोकने पर आरोपी युवराज ने फरियादिया के सिर में चांटा मार दिया तथा धमकी दी कि अगली बार उसे कौन बचाएगा और यदि घटना की रिपोर्ट की तो जान से मार देगा। इसके बाद आरोपी मोटरसाइकिल से मौके से चला गया। फरियादिया की रिपोर्ट पर थाना भितरवार में अप.क्र. 381/2026, धारा 126(2), 74, 78(2), 115(2), 351(3) बीएनएस एवं धारा 11/12 पॉक्सो एक्ट के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया है।
उक्त मामले को गंभीरता से लेते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ग्वालियर श्री धर्मवीर सिंह(भापुसे) द्वारा अति० पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) श्री जयराज कुबेर को थाना भितरवार पुलिस की टीम बनाकर उक्त प्रकरण के वांछित आरोपी को शीध्र गिरफ्तार कराने हेतु निर्देशित किया गया। वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के निर्देशानुसार एसडीओपी भितरवार श्री गगन हनवत के कुशल मार्गदर्शन में तथा थाना प्रभारी भितरवार उनि बलबीर सिंह मावई द्वारा थाना बल की टीम को उक्त प्रकरण में वांछित आरोपी को पकड़ने हेतु लगाया गया था। उक्त संपूर्ण घटना, घटना स्थल के पास लगे सीसीटीव्ही कैमरे में भी रिकॉर्ड हुई।
दौराने विवेचना थाना भितरवार पुलिस द्वारा त्वरित कार्यवाही करते हुए आरोपी की तलाश की गई और मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया गया। थाना भितरवार पुलिस को मुखबिर द्वारा सूचना प्राप्त हुई कि उक्त प्रकरण का आरोपी युवराज अभी भितरवार करैरा चौराहे के पास कहीं भागने की फिराक में खड़ा है। उक्त सूचना पर पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और मुखबिर के बताये स्थान से आरोपी युवराज रावत को धरदबोचा। पकड़े गये आरोपी ने अपना नाम युवराज रावत पुत्र गजेन्द्र सिंह रावत उम्र 20 साल निवासी ग्राम लोधी थाना बेलगढ़ा जिला ग्वालियर का होना बताया। पुलिस द्वारा की गई पूछताछ में उसके द्वारा छात्रा के साथ घटना कारित करना स्वीकार किया। पुलिस द्वारा आरोपी को पकड़कर घटना में प्रयुक्त मोटर साइकिल व प्रकरण के संबंध में पूछताछ की जा रही है।
*गिरफ्तार आरोपी*:- युवराज रावत पुत्र गजेन्द्र सिंह रावत उम्र 20 साल निवासी ग्राम लोधी थाना बेलगढ़ा जिला ग्वालियर।
*सराहनीय भूमिका*: उक्त कार्यवाही में थाना प्रभारी भितरवार उनि. बलबीर सिंह मावई, आर. अशोक लोधी, आर. अनूप शर्मा, आर. हरिमोहन, की सराहनीय भूमिका रही।
