थाना कम्पू पुलिस की वाहन चोर के खिलाफ कार्यवाही
थाना कम्पू पुलिस ने एक शातिर वाहन चोर को पकड़कर उसके पास से चोरी की स्प्लेण्डर मोटर साइकिल की जप्त
आरोपी के खिलाफ शहर के विभिन्न थानों (बहोड़ापुर, इंदरगंज, गोला का मंदिर, जनकगंज, झांसी रोड और विश्वविद्यालय) में डकैती की तैयारी, चोरी, नकबजनी और आर्म्स एक्ट के 16 प्रकरण पूर्व से दर्ज हैं।
ग्वालियर। दिनांक 02.11.2026 - प्रभारी पुलिस अधीक्षक ग्वालियर श्री जयराज कुबेर(रापुसे) के निर्देश पर ग्वालियर जिले में वाहन चोरी की घटनाओं की रोकथाम हेतु मुखबिर तंत्र को सक्रिय कर वाहन चोरों की धरपकड़ हेतु प्रभावी कार्यवाही की जा रही है। उक्त निर्देशों के तारतम्य में सीएसपी इंदरगंज श्री रोबिन जैन(रापुसे) के कुशल मार्गदर्शन में थाना प्रभारी कम्पू निरीक्षक अतुल सिंह सोलंकी के द्वारा थाना बल की टीम को अप0क्र0 276/26 धारा 303(2) बीएनएस में चोरी गई मोटर साइकिल हीरो स्प्लेण्डर क्र. एमपी33-जेडसी-0201 की बरामदगी कर अज्ञात चोर को पकड़ने हेतु लगाया गया।
दौराने विवेचना थाना कंपू पुलिस द्वारा त्वरित कार्यवाही करते हुए घटना स्थल के आसपास के सीसीटीवी फुटजे चेक किये जाकर मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया गया। इसी दौरान आज दिनांक 02.11.2026 को थाना कम्पू पुलिस को जरिए मुखबिर द्वारा सूचना प्राप्त हुई कि एक शातिर वाहन चोर सफीक उर्फ गोलू खान, कमलाराजा अस्पताल के पास मोटर साइकिल लिए खड़ा हुआ है और आशंका है कि उसके पास उक्त चोरी की मोटर साइकिल है जोे कल पार्किंग से चोरी गई थी।
थाना कम्पू पुलिस द्वारा मुखबिर की सूचना पर त्वरित कार्यवाही करते हुए कमलाराजा अस्पताल से एक शातिर वाहन चोर सफीक उर्फ गोलू खान पुत्र रफीक खान उम्र 27 साल निवासी इमामबाड़े के पास अबाड़पुरा, कम्पू जिला ग्वालियर को चोरी की मोटर साइकिल हीरो स्प्लेण्डर क्र. एमपी33-जेडसी-0201 सहित धरदबोचा। पूछताछ में उसके द्वारा 1000 बिस्तर अस्पताल की पार्किंग से उक्त मोटर साइकिल चोरी करना बताया। थाना कम्पू पुलिस द्वारा शातिर वाहन चोर को विधिवत गिरफ्तार किया गया। पकड़े गये आरोपी से पुलिस द्वारा क्षेत्र में हुई अन्य वाहन चोरी की घटनाओं के संबंध में बारीकी से पूछताछ की जा रही है। पकड़े गये शातिर वाहन चोर के खिलाफ पूर्व से शहर के विभिन्न थानों में डकैती की तैयारी, चोरी, नकबजनी, आर्म्स एक्ट के 16 आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं, जिनमें से थाना बहोड़ापुर में 06, थाना इन्दगरंज में 01, थाना गोला का मंदिर में 01, जनकगंज में 01, झांसीरोड में 02 तथा थाना विश्वविद्यालय में 05 प्रकरण पूर्व से पंजीबद्ध हैं।
ज्ञात हो कि फरियादी नंदकिशोर बंजारा निवासी ग्राम खैरोना थाना सिरसौद जिला शिवपुरी ने थाना कम्पू में रिपोर्ट लेख कराई कि उसकी पत्नी का 1000 बिस्तर हॉस्पीटल में उपचार चल रहा है, दिनांक 31.10.2026 को रात्रि के समय वह अपनी मोटर साइकिल ब्लेक कलर की हीरो स्प्लेण्डर क्र. एमपी33-जेडसी-0201 को 1000 बिस्तर हॉस्पीटल की पार्किंग में खड़ा कर पत्नी के पास चला गया था। दिनांक 01.11.2026 को सुबह जब उसने पार्किंग में अपनी मोटर साईकिल को देखा तो वह रखे स्थान पर नहीं मिली, कोई अज्ञात चोर चोरी कर ले गया। फरियादी की रिपोर्ट पर थाना कम्पू में अप0क्र0 276/26 धारा 303(2) बीएनएस का प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया।
गिरफ्तार वाहन चोर:- सफीक उर्फ गोलू खान पुत्र रफीक खान उम्र 27 साल निवासी इमामबाड़े के पास अबाड़पुरा, कम्पू जिला ग्वालियर
बरामद वाहन :- मोटर साइकिल हीरो स्प्लेण्डर क्र. एमपी33-जेडसी-0201 को जप्त किया गया।
सराहनीय भूमिका :- थाना प्रभारी कम्पू निरीक्षक अतुल सिंह सोलंकी, उप निरी. रूद्र पाठक, प्र.आर. राजेश तोमर, प्र.आर. संदीप शर्मा, आर. जयंत पटले, आर. प्रदीप कोठारी की सराहनीय भूमिका रही।
